सुल्तानपुर. सुल्तानपुर में भाजपा विधायक विनोद सिंह को लेकर राजनीतिक और आपराधिक आरोपों ने नया विवाद खड़ा कर दिया है. पूर्व ब्लॉक प्रमुख और पूर्व विधायक सोनू सिंह के भाई यशभद्र सिंह उर्फ मोनू ने विधायक पर अपनी और अपने भाई की हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है. सोमवार को दोपहर करीब 2:30 बजे मोनू सिंह ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर लिखित शिकायत दी और वायरल ऑडियो की जांच कराने की मांग की.

इसे भी पढ़ें- UP Weather Alert: 13 अगस्त से फिर बरसेगा मानसून, इन जिलों में भारी बारिश का खतरा; अभी उमस से राहत नहीं

वायरल ऑडियो को लेकर लगाए गंभीर आरोप

मोनू सिंह का कहना है कि 6 अगस्त को सोशल मीडिया पर एक ऑडियो सामने आया. इसमें भाजपा विधायक विनोद सिंह के नाम से एक महिला से बातचीत होने का दावा किया जा रहा है. मोनू के मुताबिक, बातचीत में कथित तौर पर उनकी और उनके भाई सोनू सिंह की हत्या कराने की बात कही जा रही है. उन्होंने कहा कि उन्हें आशंका है कि दोनों भाइयों को कभी भी नुकसान पहुंचाया जा सकता है.

मोनू सिंह ने एसपी को शिकायत के साथ वायरल ऑडियो की रिकॉर्डिंग वाली पेन ड्राइव भी सौंपी. उन्होंने पुलिस से ऑडियो की आवाज और उसकी सत्यता की जांच फोरेंसिक साइंस लैब से कराने की मांग की है.

‘पहले भी हम पर हो चुके हैं हमले’

मोनू सिंह ने अपनी शिकायत में प्रयागराज और अयोध्या कोर्ट परिसर में हुए कथित हमलों का भी जिक्र किया. उनका कहना है कि प्रयागराज कोर्ट में हुए हमले में पुलिसकर्मी, अधिवक्ता और अन्य लोग घायल हुए थे. वहीं 9 जुलाई 2024 को अयोध्या कोर्ट परिसर में भी दोनों भाइयों पर हमला हुआ था. मोनू के मुताबिक, इस मामले में विधायक विनोद सिंह नामजद अभियुक्त हैं.

उन्होंने पुलिस से मांग की कि अगर वायरल ऑडियो वास्तविक है तो हत्या की साजिश के आरोप में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए. वहीं अगर ऑडियो फर्जी या एडिटेड है तो उसे वायरल करने वालों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की जाए.

AI ऑडियो के दावे पर भी उठे सवाल

वायरल ऑडियो को लेकर एआई-जनरेटेड होने के दावे भी सामने आए हैं. इस पर मोनू सिंह ने कहा कि ऑडियो की सच्चाई वैज्ञानिक जांच से सामने आ सकती है. उन्होंने संबंधित व्यक्ति से वॉइस सैंपल देकर फोरेंसिक जांच कराने की बात कही.

कथित ऑडियो में सोनू-मोनू की ठेकेदारी, जमीन की खरीदारी और ब्लॉक से कथित तौर पर मिलने वाले पैसों के स्रोत खत्म करने जैसी बातें होने का दावा किया जा रहा है. इसमें दोनों भाइयों के भट्ठों को बंद कराने का भी जिक्र होने की बात कही गई है.

इसे भी पढ़ें- आज संतकबीरनगर-गोरखपुर के दौरे पर रहेंगे CM योगी, 754 करोड़ की 202 विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

पुलिस जांच के बाद साफ होगी ऑडियो की सच्चाई

मोनू सिंह ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. फिलहाल वायरल ऑडियो की वास्तविकता और उसमें मौजूद आवाज की पुष्टि आधिकारिक फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस के स्तर से जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि ऑडियो असली है, एडिटेड है या एआई तकनीक से तैयार किया गया है. इस पूरे मामले में भाजपा विधायक विनोद सिंह का पक्ष सामने आना बाकी है.