लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी जरूर है, लेकिन मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में फिर से बारिश बढ़ने का अनुमान जताया है. प्रदेश के कई हिस्सों में जहां लोग उमस और तेज धूप से परेशान हैं, वहीं पश्चिमी यूपी, बुंदेलखंड और उत्तराखंड से सटे जिलों में हुई बारिश ने मौसम को कुछ राहत दी है.

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 से 48 घंटे तक प्रदेश में बादलों की आवाजाही के साथ कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं 13 अगस्त से पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून के दोबारा सक्रिय होने और अच्छी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है.

इसे भी पढ़ें- आज संतकबीरनगर-गोरखपुर के दौरे पर रहेंगे CM योगी, 754 करोड़ की 202 विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कई जगह जलभराव का खतरा

मौसम विभाग ने प्रदेश के आठ जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है. बारिश के चलते कुछ इलाकों में जलभराव और नदियों के जलस्तर बढ़ने की स्थिति बन सकती है. बिजनौर में गंगा नदी का पानी हाईवे तक पहुंच गया है, जबकि फर्रुखाबाद में भी बाढ़ के हालात बने हुए हैं.

गंगा-यमुना उफान पर, कई जिलों में बाढ़ का संकट

मानसून की बारिश के कारण प्रदेश की कई नदियां उफान पर हैं. सहारनपुर में भारी बारिश के बाद गंगराव नदी में अचानक पानी बढ़ गया, जिससे पुल को नुकसान पहुंचा है. दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर भी कई जगह पानी भर गया. फर्रुखाबाद और बिजनौर में ग्रामीण इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. कई जगह लोग अपने घरों से पलायन करने को मजबूर हैं. प्रशासन की ओर से हालात पर नजर रखी जा रही है.

13 अगस्त से पूर्वांचल में फिर एक्टिव होगा मानसून

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से में बने निम्न दबाव क्षेत्र और बंगाल की खाड़ी में बन रही नई मौसम प्रणाली के कारण यूपी में बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है. 11 और 12 अगस्त को बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है, लेकिन 13 अगस्त से पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून फिर जोर पकड़ सकता है. वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, बस्ती, अयोध्या समेत कई जिलों में बारिश बढ़ने के संकेत हैं. इन इलाकों में मंगलवार से ही चटख धूप निकली है.

इसे भी पढ़ें- इंस्टाग्राम पर लिखा- ‘मैं सुसाइड करने जा रहा हूं’, 7 मिनट में पहुंची पुलिस ने बचाई युवक की जान

बंगाल की खाड़ी की हलचल बढ़ाएगी बारिश

मौसम विभाग बंगाल की खाड़ी में बन रही नई मौसम प्रणाली पर नजर बनाए हुए है. इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने पर यूपी में मानसूनी गतिविधियां तेज हो सकती हैं. फिलहाल प्रदेश में बारिश का वितरण असमान रहेगा. कहीं तेज बारिश होगी तो कहीं सिर्फ बादल छाए रहने और बूंदाबांदी के आसार हैं. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की सलाह मानने की अपील की है.