जुबैर अंसारी, सुपौल। जिले के बीरपुर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। बलभद्रपुर पंचायत के कोइली गांव (वार्ड संख्या 10) में मो. हलीम के 22 वर्षीय पुत्र मो. फिरोज की पत्नी काजल खातून का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर पलंग पर झूलता हुआ मिला। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

​सुबह का मंजर और पुलिस की कार्रवाई

​सोमवार की सुबह जब काफी देर तक मृतका का कमरा नहीं खुला और अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो ससुराल पक्ष के लोगों को शक हुआ। उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। काजल के गले में नायलॉन की रस्सी का फंदा कसा हुआ था और उसका शव पलंग पर झूल रहा था।
​घटना की सूचना तुरंत बीरपुर थाना अध्यक्ष संजय दास को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बंद घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

​मायके पक्ष के गंभीर आरोप

​इस घटना के बाद मृतका के मायके में कोहराम मच गया है। मृतका के पिता मुल्तान (निवासी घोराघाट, फारबिसगंज, अररिया) का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी को पिछले तीन दिनों से खाना तक नहीं दिया गया और घर के अंदर बंद करके उसकी हत्या कर दी गई है।
​मृतका के दादा सुलेमान बैठा ने भी यही आरोप दोहराया है कि उनकी पोती ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है।

​मुखिया प्रतिनिधि का बयान और पुलिस की जांच

​स्थानीय पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मो. ताेहिद ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रथम मामला गले में रस्सी बांधकर जान लेने का प्रतीत होता है। हालांकि, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी कि यह आत्महत्या है या एक सोची-समझी हत्या।
​गौर करने वाली बात यह है कि मृतका का पति मो. फिरोज पिछले एक महीने से घर से बाहर (प्रदेश) में है, ऐसे में घर पर अन्य सदस्यों की मौजूदगी में यह घटना कैसे घटी, यह बड़ा सवाल बना हुआ है। फिलहाल, पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है और अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही दूध का दूध और पानी का पानी हो सकेगा।