खेलगांव स्थित रांची बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा (होटवार जेल) में एक महिला बंदी के साथ यौन शोषण कर उसे गर्भवती किए जाने के आरोप ने झारखंड की सियासत में हलचल मचा दी है. झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार होटवार को लेकर हैरान करने वाला दावा किया. मरांडी ने दावा किया कि जेल में बंद एक महिला कैदी के साथ जेल सुपरिटेंडेंट द्वारा ना केवल शारीरिक शोषण किया गया बल्कि उसके गर्भवती हो जाने पर उसका गर्भपात कराने की कोशिश भी की गई.

मरांडी ने यह भी आरोप लगाया कि पीड़ित महिला को इलाज के बहाने जेल से बाहर ले जाकर मामले से जुड़े जैविक और फॉरेंसिक साक्ष्य खत्म करने की कोशिश की जा रही है. साथ ही कुछ अहम गवाहों का तबादला किए जाने का भी दावा किया गया है.

बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने पत्र को साझा करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर सीधा हमला बोला है. उन्होंने पत्र में लिखा, ” जेल की सलाखों के भीतर जो हुआ, उसने पूरे झारखंड को शर्मसार कर दिया है. रांची के होटवार जेल में न्यायिक अभिरक्षा में बंद एक महिला कैदी के साथ जेल सुपरिटेंडेंट द्वारा लगातार शारीरिक शोषण किए जाने और उसके गर्भवती हो जाने की घटना अत्यंत गंभीर, शर्मनाक और मानवता को झकझोर देने वाली है..”

नेता प्रतिपक्ष ने राज्य के प्रशासनिक तंत्र पर इस जघन्य अपराध को दबाने का सीधा आरोप लगाया है. उन्होंने दावा किया कि इस मामले को रफा-दफा करने और दोषी काराधीक्षक को बचाने में स्वयं कारा महानिरीक्षक (IG Prisons) मुख्य भूमिका निभा रहे हैं.

बाबूलाल मरांडी ने अपने एक्स पर भी इस मामले में पोस्ट किया है। हालांकि महिला बंदी कौन है अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। इस मामले में जेल अधीक्षक और जेल आईजी सुदर्शन मंडल से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। एसएमएस से भी जानकारी लेने का प्रयास किया गया लेकिन जेल आईजी का कोई जवाब नहीं आया। बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार और जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। 

 मरांडी ने आरोप लगाया कि बीमार होने का झूठा बहाना बनाकर पीड़ित गर्भवती महिला कैदी को निरंतर जेल से बाहर गुप्त स्थानों और अस्पतालों में ले जाया जा रहा है, ताकि अवैध चिकित्सकीय हस्तक्षेप (गर्भपात) के माध्यम से जैविक और फॉरेंसिक साक्ष्यों को नष्ट किया जा सके.

इसके अलावा, चश्मदीद गवाहों का मुंह बंद रखने के लिए भारी रिश्वत बांटी जा रही है और कुछ महत्वपूर्ण गवाहों का रातों-रात ट्रांसफर कर दिया गया है.

इससे पहले नवंबर 2025 में, होटवार जेल के अंदर का एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था । इस वीडियो में शराब और जीएसटी घोटाले के हाई-प्रोफाइल आरोपी जेल के भीतर एक विशेष हॉल में मौज-मस्ती करते और डांस करते हुए दिखाई दिए थे ।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m