पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में जारी विरोध प्रदर्शनों, हिंसा और वोटिंग बायकॉट के बीच मंगलवार (4 अगस्त, 2026) को दो विधानसभा सीटों पर मतदान कराया जा रहा है। इन सीटों पर मतदान पहले 2 अगस्त को होना था, लेकिन सड़क बंद, आगजनी और व्यापक विरोध प्रदर्शनों के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया था। अब मुजफ्फराबाद-1 के सभी मतदान केंद्रों और मुजफ्फराबाद-2 के 52 मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से वोटिंग जारी है।
भारत का बड़ा बयान: ‘चुनाव नहीं, वैधता का दिखावा’
भारत ने PoK में हो रही चुनावी प्रक्रिया को लेकर पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में कराए जा रहे तथाकथित स्थानीय चुनाव महज एक दिखावा हैं और इनका उद्देश्य वास्तविक स्थिति से दुनिया का ध्यान हटाना है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जनता का असंतोष लगातार बढ़ रहा है, जबकि पाकिस्तान की सत्ता-व्यवस्था इसका जवाब गोलियों, संचार बंदी, धमकी और दमन के जरिए दे रही है। भारत का दावा है कि जून 2026 से जारी कार्रवाई में अब तक कम से कम 90 नागरिकों की मौत हो चुकी है और इसके लिए पाकिस्तान को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
मुजफ्फराबाद और बाग में जारी विरोध प्रदर्शन
चुनाव के बीच PoK के कई इलाकों में तनाव बरकरार है। बाग में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच टकराव की खबरें सामने आई हैं। आरोप है कि पाकिस्तानी रेंजर्स ने प्रदर्शनकारियों पर फिर से फायरिंग की। वहीं, मुजफ्फराबाद में साधारण कपड़ों में मौजूद सुरक्षा कर्मियों द्वारा गोलीबारी किए जाने के दावे भी सामने आए हैं।
इससे पहले 3 अगस्त की शाम कहोरी पुल पर पाकिस्तान की सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन और आगजनी हुई थी, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।
क्या है पूरा मामला?
PoK में चुनाव ऐसे समय हो रहे हैं जब कई स्थानीय संगठनों ने मतदान के बहिष्कार का आह्वान किया है। लगातार विरोध प्रदर्शनों और हिंसा के कारण चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं। भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की है कि वह PoK की जमीनी स्थिति और मानवाधिकारों से जुड़े आरोपों पर गंभीरता से ध्यान दे तथा पाकिस्तान के दावों की वास्तविकता को समझे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


