प्रदीप मालवीय, उज्जैन। सर्वपितृ अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मनगरी उज्जैन पहुंचीं सुप्रीम कोर्ट की प्रख्यात अधिवक्ता नाजिया इलाही खान ने शिप्रा नदी के ऐतिहासिक रामघाट पर विधि-विधान से अपने दिवंगत पूर्वजों के लिए श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान किया। इस दौरान उनके साथ पुजारी पंडित अजय गुरु ने अनुष्ठान संपन्न कराया। खास बात यह है कि नाजिया ने बकरीद के नाम पर मारे जाने वाले बेजुबान जानवरों के लिए भी अलग से तर्पण और पूजा-अर्चना की, जिसके बाद उन्होंने मन हल्का होने की बात कही। रामघाट पर उनकी यात्रा को देखते हुए स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
सनातन धर्म अपनाने और ‘शुद्धि’ पर बयान
मीडिया से चर्चा के दौरान नाजिया इलाही खान ने सनातन धर्म अपनाने को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह अभी खुद की ‘शुद्धि’ कर रही हैं। जब उन्हें और पंडितों को यह लगेगा कि उनकी शुद्धि पूरी हो चुकी है, तब वह विधिवत सनातन धर्म स्वीकार करेंगी और इसकी सार्वजनिक घोषणा भी करेंगी।
CJP कार्यकर्ताओं पर तीखा हमला
CJP कार्यकर्ताओं को कहा ‘तिलचिट्टा’: न्यूज 24 से चर्चा के दौरान नाजिया ने ‘सिटीजन्स फॉर जस्टिस एंड पीस’ (CJP) के कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे प्रदर्शनों पर तीखा तंज कसते हुए उन्हें “तिलचिट्टा” (कॉकरोच) करार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग मौसम और समय के हिसाब से बाहर आते हैं और फिर गायब हो जाते हैं। मुगल शासक औरंगजेब पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय मुसलमानों को भी उसके खिलाफ मुखर होकर आवाज उठानी चाहिए और उसे इस्लाम को बदनाम करने वाला करार देते हुए उसकी निंदा करनी चाहिए।
लव जिहाद, फ्रिज और गरबा पर टिप्पणी
नवरात्रि और गरबा आयोजनों के मद्देनजर उन्होंने पुलिस प्रशासन से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग हिंदू त्योहारों के दौरान बेटियों को प्रेम जाल में फंसाकर निशाना बनाते हैं और इस दौरान हत्या कर शवों को फ्रिज में रखने जैसी गंभीर घटनाओं का भी जिक्र किया।
धमकियों से बेखौफ रहने की बात
अपने बयानों और तीन तलाक के खिलाफ कानूनी लड़ाई के बाद चर्चा में आई नाजिया ने कहा कि उन्हें किसी भी तरह की धमकियों या विरोध से डरने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का जिक्र करते हुए देश में खुद को पूरी तरह सुरक्षित बताया और धमकी देने वालों को खुली चुनौती भी दी। उज्जैन दौरे के दौरान उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन भी किए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

