सूरत के बहुचर्चित फैजल फत्ता हत्याकांड में एक नया और बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। तीन सप्ताह से फरार चल रहे मुख्य आरोपी मुबारक पटेल उर्फ मुबो ने पुलिस को चकमा देते हुए शुक्रवार को नाटकीय अंदाज में अदालत में आत्मसमर्पण (सरेंडर) कर दिया। बताया जा रहा है कि गणेश विसर्जन के दौरान शहर पुलिस की सुरक्षा बंदोबस्त में व्यस्तता का फायदा उठाकर आरोपी सीधे कोर्ट पहुंचा और शरण ली।

31 अगस्त की रात हुई थी निर्मम हत्या

घटना 31 अगस्त की रात की है। रांदेर के ताड़वाड़ी कॉज-वे रोड स्थित अल नूर रेसिडेंसी निवासी प्रॉपर्टी डीलर फैजल फत्ता रात करीब 9 बजे स्कूटर से चौकबाजार से अडाजण पाटिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चंद्रशेखर आजाद ब्रिज के पास हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और धारदार हथियारों से 18 से 20 वार कर उनकी नृशंस हत्या कर दी।

पुलिस जांच में सामने आया कि फैजल घटना की शाम तापीपुरा स्थित आइपी मिशन स्कूल के पास जमाल सैयद के कार्यालय गए थे, जहां से हमलावर उनका पीछा कर रहे थे। क्राइम ब्रांच और चौकबाजार पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए मुंबई हाइवे से चार आरोपियों—अभिषेक देवरे उर्फ घुंघरू, कैसरअली सैयद, वसीम शेख उर्फ वसीयो और गोकुल जाधव को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि मुबारक पटेल ने हत्या के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी दी थी और 1 लाख रुपये एडवांस भी चुकाए थे।

वेसू में मामूली विवाद में युवक का कत्ल

उधर, सूरत के ही वेसू इलाके में मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। एक इलेक्ट्रिक दुकान पर मालिक से हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे मुकुल नाम के युवक की उसके ही दोस्त जितेंद्र ने चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने मुकुल के गले पर चाकू से वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें