अशोक कुमार जायसवाल, चंदौली. सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक सुशील सिंह ने इंडिया गठबंधन और विपक्षी दलों पर चुनाव परिणाम को लेकर गंभीर सवाल उठाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव जीतने पर अपनी जीत का श्रेय खुद लेता है, लेकिन चुनाव हारने पर चुनाव आयोग और कभी-कभी सुप्रीम कोर्ट तक पर सवाल खड़े करने लगता है.

विधायक सुशील सिंह ने कहा कि फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने अथवा हटाने की प्रक्रिया सामान्य, कानूनी और नियमित चुनावी प्रक्रिया है. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में संशोधन की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत होती है. चुनाव परिणाम अपने पक्ष में नहीं आने पर संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि देश में चुनाव आयोग और न्यायपालिका जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर जनता का भरोसा है. विपक्ष को चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने के बजाय लोकतांत्रिक व्यवस्था का सम्मान करना चाहिए.

इसे भी पढ़ें : कांग्रेस मजबूती से चुनाव लड़ेगी और…अजय राय ने 2027 विधानसभा इलेक्शन के लिए कर दिया बड़ा दावा, जानिए ऐसा क्या बोल गए

विधायक सुशील सिंह ने बताया कि सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के धानापुर स्थित दशमी तालाब परिसर में 20 से 24 अक्टूबर तक पांच दिवसीय राम कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा. कथा का आयोजन पूज्य राजन जी महाराज के सानिध्य में होगा.
उन्होंने बताया कि राम कथा प्रतिदिन दोपहर दो बजे से शाम छह से सात बजे तक आयोजित की जाएगी. आयोजन में 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. विधायक ने क्षेत्र के सभी राम भक्तों से कथा में शामिल होकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की.

सुशील सिंह ने कहा कि अयोध्या की तर्ज पर मथुरा में भी भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े पवित्र स्थलों का तेजी से विकास और भव्य आयोजन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि देश में धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास को लेकर लगातार कार्य हो रहा है.