सुशीला देवी, गुरुग्राम। मानेसर क्षेत्र में पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। पत्नी के चरित्र पर शक करने वाले एक पति ने गुस्से में आकर चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को वारदात के कुछ ही घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 4 जून 2026 को थाना सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर में सूचना मिली कि एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है और उसका शव अस्पताल में रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम, वरिष्ठ अधिकारी और डीएफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

मृतका के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन काजल देवी अपने पति नरेंद्र सिंह और बच्चों के साथ गांव बास हरिया में किराये के मकान में रहती थी। आरोप है कि नरेंद्र अक्सर छोटी-छोटी बातों पर काजल के साथ मारपीट करता था और घर खर्च देना भी बंद कर चुका था। आर्थिक तंगी के कारण काजल ने एक कंपनी में नौकरी शुरू कर दी थी।

शिकायत के अनुसार 3 और 4 जून की रात नरेंद्र ने अपनी पत्नी को फोन पर किसी से बात करते हुए देख लिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। शक और गुस्से में आरोपी ने पत्नी की चुन्नी से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की और आरोपी नरेंद्र (37), निवासी नंगला दवड़ा, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) को केएमपी एक्सप्रेसवे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पत्नी पर शक होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई चुन्नी भी बरामद कर ली है।फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।