दीपक कुमार, बांका। जिले के अमरपुर प्रखंड की बैजूडीह पंचायत अंतर्गत नंदलालपट्टी गांव में सोमवार की रात 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव घर की छत से रस्सी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
बच्चों को लेकर मायके चली गई थी पत्नी
मृतक की पहचान नंदलालपट्टी निवासी श्याम सिंह के 35 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रविवार रात अजीत की पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद पत्नी सोमवार सुबह अपने बच्चों के साथ मायके चली गई थी। वहीं, मृतक की मां पुष्पा देवी ने बताया कि वह सोमवार को अपने पति के साथ बांका कोर्ट गई थीं। देर शाम घर लौटने पर बेटे का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
जांच पड़ताल में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही अमरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
ग्रामीणों के अनुसार, अजीत कुमार मिलनसार स्वभाव का था और निजी ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में मातम पसरा हुआ है।
ये भी पढ़ें- नालंदा में जमीनी विवाद को लेकर खूनी संग्राम: पुलिस के सामने युवक को मारी गई गोली

