वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के दरोगा बीघा (कल्याणपुर) गांव में आज मंगलवार को जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत में जुताई के दौरान हुए विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। सबसे गंभीर आरोप यह है कि फायरिंग की यह घटना पुलिस गश्ती दल की मौजूदगी में हुई। हालांकि पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा बरामद कर लिया है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है।
खेत की जुताई के दौरान मारी गोली
घायल युवक की पहचान गांव निवासी गणेश यादव के 28 वर्षीय पुत्र रौशन कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि रौशन अपने खेत में धान की बुआई की तैयारी के लिए जुताई कर रहा था। इसी दौरान गोपाल सिंह, शिशुपाल सिंह और अन्य लोग वहां पहुंचे और जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि शिशुपाल सिंह ने फायरिंग कर दी, जिससे रौशन कुमार के बाएं पैर के घुटने के पास गोली लग गई।
बेखौफ बदमाशों ने पुलिस के सामने चलाई गोली
गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने घायल को तुरंत बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायल के भाई कौशल कुमार और राजन कुमार ने आरोप लगाया कि जब यह घटना हुई, उस समय पुलिस की गश्ती टीम मौके पर मौजूद थी। उनका कहना है कि पुलिस के सामने ही बदमाशों ने बेखौफ होकर गोली चला दी। इस आरोप के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
दीपनगर थानाध्यक्ष का बयान
वहीं, दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन का विवाद काफी पुराना है। करीब दो वर्ष पहले जमीन की खरीद-बिक्री के बाद प्लॉट की सीमा को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इस संबंध में अंचल कार्यालय को चौहद्दी के अनुसार जमीन की मापी कराने के लिए पत्र भेजा गया था, लेकिन निर्धारित तिथि पर मापी नहीं हो सकी और बाद में अंचल अधिकारी का तबादला हो गया।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी
थानाध्यक्ष ने बताया कि मंगलवार को खेत में काम के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी दौरान फायरिंग हुई, जिसमें रौशन कुमार घायल हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी कट्टा बरामद कर लिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें- बिहार में पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क से जुड़ा हैंडलर गिरफ्तार, गैंगस्टर राणा हुसैन से था कनेक्शन

