वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र में तुंगी हॉल्ट के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गया जिले के नीमचक थाना क्षेत्र के मझौली गांव निवासी वीरेंद्र यादव के 25 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है। युवक की संदिग्ध मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।

5 महीने से मायके में रह रही थी पत्नी

परिजनों ने बताया कि नीरज की शादी हो चुकी थी और पिछले करीब पांच महीने से उसकी पत्नी मायके में रह रही थी। परिजनों का आरोप है कि पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से कथित अवैध संबंध को लेकर पति-पत्नी और दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी बात का नीरज कथित तौर पर विरोध करता था।

ससुराल वालों ने फोन कर बुलाया

परिजनों का कहना है कि घटना से पहले नीरज को उसके ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर बुलाया गया था। उसे बताया गया कि घर में खस्सी का मीट बनाया जा रहा है। इसके बाद नीरज ससुराल जाने के लिए निकला। कुछ समय बाद परिजनों को फोन पर सूचना दी गई कि नीरज की (संदिग्ध) मौत हो गई है।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। उनका आरोप है कि नीरज की हत्या करने के बाद शव को तुंगी हॉल्ट के पास फेंका गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मामले में जब दीपनगर थानाध्यक्ष सुमन कुमार से फोन के माध्यम से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो सकी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

ये भी पढ़ें- ‘इन्हें बिहार छोड़ना पड़ेगा…’, श्याम रजक ने अपराधियों को दी चेतावनी, तेजस्वी के लिए कही ये बात