Bihar Crime: बिहार के बेतिया में एक महिला सिपाही की संदिग्ध हालत में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान संकेशी कुमारी के रूप में हुई है, जो पटना में तैनात थी। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर संकेशी की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पूरा मामला सहोदरा थाना क्षेत्र के सुपौली गांव की है।

संकेशी ने किया था प्रेम-विवाह

बता दें कि संकेशी कुमारी ने पिछले साल 7 मार्च 2025 को प्रेम-विवाह किया था, जिसे उसके परिवार वाले भी सहमत थे। शादी के बाद से ही वह अपने ससुराल में रह रही थी। सब कुछ ठीक चल रहा था। हालांकि बीते 21 अप्रैल 2026 को वह अपनी छोटी बहन की शादी में शामिल होने के लिए मायके आई हुई थीं। परिजनों के मुताबिक शादी के अगले दिन ही संकेशी का पति सुजीत अचानक वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए उसे अपने साथ लेकर ससुराल चला गया।

मातम में बदला खुशियों का माहौल

एक तरफ जहां, घर में खुशियों का माहौल था। वहीं, सुजीत के इस बर्ताव ने परिवार के लोगों को चिंतित कर दिया। हालांकि उन्हें इस बात का जरा सा भी अंदाजा नहीं था कि अगले कुछ ही घंटों सब कुछ तबाह हो जाएगा। परिजनों ने बताया कि उसी दिन शाम 7 बजे के आसपास उन्हें सूचना मिली की संकेशी कुमारी ने आत्महत्या कर ली है। संकेशी के आत्महत्या की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।

4 महीने की गर्भवती थी मृतका

सभी लोग आनन-फानन में सुपौली स्थित संकेशी के ससुराल पहुंचे। वहां, उन्होंने संकेशी का शव जमीन पर पड़ा हुआ पाया। परिजनों का आरोप है कि संकेशी ने आत्महत्या नहीं की है। बल्कि गला दबाकर उसकी हत्या की गई है। घटना की सबसे दुखद पहलू यह रहा की मृतका 4 महीने की गर्भवती थी और वह अपने होने वाले बच्चे को लेकर बहुत खुश थी। घटना के बाद से पूरा परिवार को गहरे सदमे में है।

पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इंतजार

उधर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। फिलहाल पुलिस संकेशी के पति सुजीत को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है। वहीं, ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली वजहों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलू को ध्यान में रखकर पूरे मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें- बहन के पति की हत्या कर शव को जमीन में दफनाया, वजह जानकर उड़ जाएंगे आपके होश