कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना में आज शुक्रवार (19 जून) की सुबह-सुबह विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने निलंबित आईएएस अधिकारी योगेश कुमार सागर और अभिलाषा कुमारी शर्मा के तीन ठिकानों पर छापेमारी की है। यह छापेमारी चर्चित रिशु श्री टेंडर घोटाले से जुड़े मामले में की गई है। हालांकि छापेमारी के दौरान दोनों ही अधिकारी अपने आवास पर नहीं मिले, जिसके बाद उन्हें फरार घोषित कर दिया गया है।

SVU ने दोनों अधिकारियों को घोषित किया फरार

विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) के अनुसार आज सुबह जब उनकी टीम छापेमारी करने के लिए योगेश कुमार सागर और अभिलाषा कुमारी शर्मा के आवास पर पहुंची, लेकिन कार्रवाई के शुरू होने से पहले ही दोनों अधिकारी अपने आवास से निकल चुके थे। टीम ने उनकी तलाशी के लिए कई स्थानों पर जांच की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद विशेष निगरानी इकाई ने दोनों अधिकारियों को फरार घोषित कर दिया है।

और तेज हो सकती है विभागीय कार्रवाई

टेंडर घोटाला मामले की जांच कर रही विशेष निगरानी इकाई (SVU) का मानना है कि छापेमारी के दौरान कई अहम सुराग मिल सकते हैं। टेंडर से जुड़े घोटाले मामले को लेकर सम्राट सरकार पहले ही अपना सख्त रूख सामने रख चुकी है। सरकार भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में कोई भी लापरवाही बरतने के मूड में नहीं है। वहीं, एसवीयू की इस छापेमारी के बाद फरार दोनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई और तेज कर दी गई है।

रिशु श्री को 5 दिनों की रिमांड पर भेजा

उधर, निगरानी की विशेष अदालत ने टेंडर घोटाला मामले के आरोपी रिशु श्री को पांच दिनों की रिमांड पर भेजने की एसवीयू की मांग मंजूर कर ली है। हालांकि एजेंसी ने सात दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन अदालत ने पांच दिन की अनुमति दी। इस दौरान एसवीयू की टीम रिशु श्री से 100 से ज्यादा सवाल पूछकर टेंडर घोटाले से जुड़े कई पहलुओं की जानकारी जुटाने की कोशिश करेगी।

ये भी पढ़ें- ‘मेरी छवि और प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास’, परिवाद दायर करने पर तेज प्रताप यादव का बड़ा बयान