राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल (Swati Maliwal) के खिलाफ पंजाब में मानहानि का मुकदमा दायर किया गया है। यह मामला पंजाब के ‘आप’ विधायकों को लेकर कथित तौर पर की गई ‘भेड़-बकरी’ टिप्पणी से जुड़ा है। इस मामले की जानकारी मीडिया में आने के बाद मालीवाल ने आम आदमी पार्टी और उसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) पर तीखा हमला बोला। जानकारी के अनुसार, पंजाब के ‘आप’ नेताओं की ओर से अदालत में मानहानि की शिकायत दायर की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि स्वाति मालीवाल ने सार्वजनिक रूप से ऐसी टिप्पणी की, जिससे पार्टी विधायकों और नेताओं की छवि धूमिल हुई है। अदालत ने मामले पर सुनवाई के लिए अगली तारीख तय कर दी है।

मुकदमे की खबर सामने आने के बाद स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया और मीडिया बातचीत में कहा कि पिछले 2 साल से उन्हें राजनीतिक रूप से खत्म करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, “मुझे डराने और दबाने की पूरी कोशिश हुई, लेकिन मैं दूसरी मिट्टी की बनी हूं। मैं डरने वाली नहीं हूं।” मालीवाल ने बिना नाम लिए अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि सच बोलने वालों को पार्टी में जगह नहीं दी जाती। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध की आवाज उठाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाती है।

मालीवाल ने कहा कि उन्होंने सिर्फ “दो सच बोलने का अपराध” किया है और इसी वजह से उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। गुरुवार को सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वाति मालीवाल ने कहा कि पिछले दो वर्षों से उन्हें राजनीतिक रूप से खत्म करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने लिखा कि सच बोलने की कीमत उन्हें लगातार चुकानी पड़ रही है, लेकिन वह डरने वाली नहीं हैं।

दरअसल, पंजाब के ‘आप’ विधायकों को लेकर कथित ‘भेड़-बकरी’ टिप्पणी के मामले में उनके खिलाफ अदालत में मानहानि की शिकायत दायर की गई है। इस मामले की जानकारी सामने आने के बाद मालीवाल ने सीधे अरविंद केजरीवाल को निशाने पर लिया। स्वाति मालीवाल लंबे समय तक आम आदमी पार्टी का प्रमुख चेहरा रही थीं, लेकिन अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास पर कथित मारपीट के आरोपों के बाद उनका पार्टी नेतृत्व से टकराव खुलकर सामने आ गया। इसके बाद उन्होंने लगातार पार्टी और उसके शीर्ष नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोले रखा।

मालीवाल ने सोशल मीडिया पर लंबी पोस्ट लिखते हुए कहा कि उन्होंने केवल “दो सच बोलने का अपराध” किया है और इसी वजह से उनके खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। मालीवाल ने अपने पहले आरोप में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए लिखा, “पंजाब जैसे संवेदनशील सीमा वाले राज्य की कमान ऐसे मुख्यमंत्री के हाथ में है जो शराब के नशे में चूर होकर विधानसभा, मंदिर और गुरुद्वारा तक जाते हैं और नशे की हालत में सरकारी फाइल्स साइन करते हैं। पंजाब की जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि उनकी सरकार होश में चलाई जा रही है या नशे में।”

इसके बाद उन्होंने उस बयान का भी जिक्र किया, जिसे लेकर अब उनके खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज हुआ है। मालीवाल ने लिखा, “जिस दिन पंजाब में दो बम धमाके हुए, मंडियों में किसान परेशान बैठे थे और 10-12 घंटे के बिजली कट लग रहे थे, उस दिन पंजाब के सभी विधायकों को जबरदस्ती भेड़-बकरियों की तरह भरकर दिल्ली लाया गया। जबकि राष्ट्रपति जी के साथ अपॉइंटमेंट सिर्फ भगवंत मान का था। बाकी विधायक धूप में तख्तियां लेकर खड़े रहे और बाद में केजरीवाल जी के दरबार में हाजिरी लगवाई गई।”

मालीवाल ने कहा कि जिस समय पंजाब में सुरक्षा और प्रशासनिक चुनौतियां थीं, उस समय राज्य के विधायकों को अपने-अपने क्षेत्रों में रहकर जनता के बीच होना चाहिए था। उन्होंने लिखा, “जिस दिन पंजाब के विधायकों को अपने क्षेत्रों में रहकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए थी, पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय करना चाहिए था और जनता को भरोसा देना चाहिए था, उस दिन उनसे दिल्ली में राजनीतिक ड्रामा करवाया गया।” मालीवाल ने आगे आरोप लगाया कि पंजाब के लोगों का भविष्य “दिल्ली से आए सुपर सीएम, उनके गुंडों और हारे हुए विधायकों” के हाथों में सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा, “इन विधायकों की क्या हालत है, पूरा पंजाब जानता है।” अपने खिलाफ दर्ज मानहानि मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा, “मुझ पर केस लगाया गया है क्योंकि मैंने कहा कि इन विधायकों को भेड़-बकरी की तरह दिल्ली लाया गया।”

पंजाब के ‘आप’ विधायकों को लेकर की गई कथित ‘भेड़-बकरी’ टिप्पणी पर सफाई देते हुए मालीवाल ने कहा कि उनका बयान पंजाब या पंजाबी समाज के खिलाफ नहीं था, बल्कि राजनीतिक नेतृत्व के व्यवहार पर सवाल उठाने के लिए था। सोशल मीडिया पर जारी बयान में मालीवाल ने कहा, “मैं पंजाब और पंजाब के लोगों की दिल से बहुत इज्जत करती हूं। पंजाब गुरुओं की धरती है, शूरवीरों की धरती है। पंजाबी शेर हैं… यह ऐसी कौम है जो कभी किसी के सामने नहीं झुकी।” उन्होंने आगे कहा, “लेकिन आज पंजाब के मुख्यमंत्री और विधायक दिल्ली के राजनीतिक गुंडों के सामने घुटने टेक चुके हैं। अगर यह भेड़-बकरी जैसा व्यवहार नहीं है, तो फिर क्या है?”

मैं किस मिट्टी की बनी हूं पता नहीं चला

सोशल मीडिया पर जारी बयान में मालीवाल ने दावा किया कि आज से ठीक 2 साल पहले उनके साथ अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास पर मारपीट हुई थी। उन्होंने लिखा, “आज से ठीक 2 साल पहले, इसी दिन अरविंद केजरीवाल जी ने मुझे अपने घर पर पिटवाया था। पिछले दो सालों में उन्होंने मुझे खत्म करने की पूरी कोशिश की है।” मालीवाल ने आगे आरोप लगाया कि अब उन्हें एक और “झूठे और मनगढ़ंत” केस में फंसाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, “मैं साफ कहना चाहती हूं कि मैं अरविंद केजरीवाल जी के इन हथकंडों से डरने वाली नहीं हूं।” पंजाब में दर्ज मानहानि मुकदमे को लेकर स्वाति मालीवाल ने खुली चुनौती देते हुए कहा, “एक क्या, पंजाब के हर जिले में मुझ पर केस कर दीजिए। सीधा जेल में डाल दीजिए। मैं डरने वाली नहीं हूं। आपको शायद अभी पता नहीं चला कि मैं किस मिट्टी की बनी हूं। पंजाब में मिलते हैं।”

क्या है भेड़-बकरी विवाद

दरअसल, हाल ही में भाजपा में शामिल हुए विधायकों की सदस्यता रद्द कराने की मांग को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राष्ट्रपति से मुलाकात की थी। इस दौरान पंजाब के कई विधायक भी दिल्ली पहुंचे थे और राष्ट्रपति भवन के पास धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इसी घटनाक्रम को लेकर स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि पंजाब के विधायकों को “भेड़-बकरियों की तरह भरकर दिल्ली लाया गया।” उन्होंने आरोप लगाया था कि जिस समय पंजाब में सुरक्षा, बिजली संकट और किसानों की समस्याएं थीं, उस समय विधायकों से दिल्ली में राजनीतिक प्रदर्शन करवाया गया। मालीवाल की इस टिप्पणी पर आम आदमी पार्टी के विधायक ने आपत्ति जताते हुए इसे विधायकों और पंजाब की जनता का अपमान बताया और अदालत में मानहानि की शिकायत दायर कर दी। अब इस मामले में 19 मई को सुनवाई होनी है। हाल ही में स्वाति मालीवाल ने राघव चड्ढा, संदीप पाठक समेत कई अन्य नेताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। भाजपा में शामिल होने के बाद से वह ‘आप’ नेतृत्व पर लगातार हमलावर हैं और पार्टी के अंदरूनी कामकाज को लेकर सवाल उठा रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m