राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने AAP से इस्तीफा देने के बाद एक इंटरव्यू में आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला है। स्वाति मालीवाल ने कहा कि मैंने आप छोड़ दी है और भाजपा में शामिल हो गई हूं। साथ ही मालीवाल ने रचनात्मक राजनीति करने के इच्छुक सभी लोगों से भाजपा में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर अपने घर में गुंडे से पिटाई करवाई और केस वापस लेने का दबाव डालने का आरोप लगाया था।
‘2006 में अरविंद केजरीवाल संग जुड़ी’
उन्होंने बताया कि वह अरविंद केजरीवाल के साथ 2006 से काम कर रही थीं। उन्होंने हर आंदोलन में उनका साथ दिया। मालीवाल ने आरोप लगाया कि केजरीवाल द्वारा उनके घर में एक गुंडे से पिटाई करवाने के बाद उन्हें धमकाया गया और उन पर एफआईआर वापस लेने का बहुत दबाव डाला गया। पार्टी ने उन्हें दो साल तक संसद में बोलने का अवसर नहीं दिया। इसे उन्होंने बहुत शर्मनाक बताया। उन्होंने केजरीवाल को महिला-विरोधी भी कहा।
केजरीवाल पर गंभीर आरोप
मालीवाल ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी पंजाब को रिमोट से नियंत्रित कर रही है। इससे पंजाब उनका निजी एटीएम बन गया है। पंजाब में रेत खनन और नशीली पदार्थों का इस्तेमाल चरम पर है। जो नेता आवाज उठाते हैं, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होती है। केजरीवाल भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी के लिए जाने जाते हैं।
‘अगर कोई गद्दार है, तो वह अरविंद केजरीवाल’
अरविंद केजरीवाल के बारे में राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने कहा कि अगर कोई गद्दार है, तो वह अरविंद केजरीवाल हैं। जब उन्होंने अपना आंदोलन शुरू किया था, तो वह फटी हुई पैंट पहनते थे, दो रुपये का पेन इस्तेमाल करते थे, और एक बिल्कुल खस्ताहाल कार में घूमते थे। हम सब उनसे प्रेरित थे, यह सोचकर कि यह आदमी देश में बदलाव लाएगा। आंदोलन के दौरान, उन्होंने पूरे देश को इतने बड़े-बड़े, मीठे सपने दिखाए, और देश उनसे प्रभावित हुआ। लेकिन उन्होंने किया क्या? सत्ता में आते ही, उन्होंने सौ करोड़ का घर बनवा लिया।
मोदी के नेतृत्व पर विश्वास
मालीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी को दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता बताया। मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश के विकास के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। इनमें ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और नक्सलवाद का खात्मा शामिल है। उन्होंने संसद में महिला आरक्षण बिल पेश करने जैसे फैसलों की भी सराहना की। मालीवाल ने दोहराया कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है।
‘कोई भी एजेंसी मुझे डरा नहीं सकती’
भाजपा में शामिल होने पर राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने कहा कि पूरा देश जानता है कि स्वाति मालीवाल किसी से नहीं डरतीं है। देश की कोई भी एजेंसी मुझे डरा नहीं सकती। अब तक कोई भी अच्छा इंसान अरविंद केजरीवाल के साथ नहीं रहा है। वह किसी पर आरोप कैसे लगा सकते हैं, जब वह खुद भ्रष्टाचार में शामिल हैं? पूरा देश जानता है कि दो साल पहले मेरे साथ क्या हुआ था, जिस तरह से मुझे पीटा गया था, जिसकी वजह से उन्हें दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। वे इसलिए हारे क्योंकि दिल्ली की जनता मुझसे प्यार करती है और महिलाओं के प्रति किसी भी तरह के अपमान को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। पार्टी की इस हालत के लिए पार्टी के बाहर का कोई भी व्यक्ति जिम्मेदार नहीं है। कोई भी अरविंद केजरीवाल के साथ काम नहीं करना चाहता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

