Tabu King 100: मुंबई। एक्ट्रेस तब्बू अपने 55वें जन्मदिन पर फैंस को खास सरप्राइज देने वाली हैं। उनकी आने वाली तेलुगु फिल्म ‘किंग 100’ से 4 नवंबर को पहला लुक जारी किया जाएगा। इस फिल्म में तब्बू एक बार फिर साउथ स्टार नागार्जुन के साथ नजर आएंगी। दोनों की जोड़ी करीब 28 साल बाद बड़े पर्दे पर साथ दिखाई देगी।
पोस्टर शेयर कर तब्बू ने दी जानकारी
तब्बू ने 3 नवंबर को सोशल मीडिया पर फिल्म का नया पोस्टर शेयर किया। इसमें उनका चेहरा नहीं दिखाया गया है, बल्कि सिर्फ हाथ और सामने खड़ी लोगों की भीड़ नजर आ रही है। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, ‘काफी समय बाद फिर से किंग के साथ… और इस बार तो जंग होगी।’ उन्होंने बताया कि उनके किरदार की पहली झलक 4 नवंबर को सुबह 9 बजे जारी होगी।
28 साल बाद फिर साथ आएंगे तब्बू और नागार्जुन
तब्बू और नागार्जुन इससे पहले 1998 में आई फिल्म ‘आविदा मा आविदे’ में साथ काम कर चुके हैं। अब करीब 28 साल बाद दोनों की जोड़ी ‘किंग 100’ में नजर आएगी। तब्बू के पोस्ट में जंग का जिक्र होने के बाद फिल्म में उनके किरदार को लेकर भी उत्सुकता बढ़ गई है।
24 दिसंबर को रिलीज होगी ‘किंग 100’
आरए कार्तिक के निर्देशन में बन रही ‘किंग 100’ एक तेलुगु एक्शन ड्रामा फिल्म है। फिल्म 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात यह है कि इसी दिन शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ भी रिलीज होने वाली है। ऐसे में क्रिसमस के मौके पर दोनों फिल्मों की बॉक्स ऑफिस पर टक्कर देखने को मिल सकती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

