सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि देश के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं के हितों की रक्षा और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है.
उप मुख्यमंत्री ने गुरुवार को लखनऊ में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदैव युवाओं को भारत की सबसे बड़ी शक्ति माना है. भारत युवाओं का देश है और उनकी ऊर्जा ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है. उन्होंने कहा कि आज का युवा आत्मविश्वास के साथ विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.
इसे भी पढ़ें : शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने BJP प्रदेश अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन, OBC अभ्यर्थियों को 5 फीसदी छूट देने की मांग
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि नीट परीक्षा में अनियमितताओं की शिकायतों को केंद्र सरकार ने गंभीरता से लिया है. मामले की जांच के आदेश दिए जा चुके हैं और कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई है. उन्होंने कहा कि दोषियों को शीघ्र और कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन को स्वीकृति दी है. सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा न जाए. उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी छात्रों और युवाओं के वास्तविक मुद्दों के समाधान के बजाय उन्हें राजनीतिक हित साधने का माध्यम बना रही हैं. लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी विषय पर मतभेद और सुझावों को संसद तथा संवैधानिक संस्थाओं के माध्यम से रखा जाना चाहिए.
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार युवाओं के हितों की रक्षा, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था तथा प्रतिभाशाली छात्रों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है. दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी और ईमानदार एवं मेहनती छात्रों के अधिकारों की हर स्तर पर रक्षा सुनिश्चित की जाएगी.


