जमशेदपुर। टाटा वर्कर्स यूनियन की सोमवार को हुई कमेटी मीटिंग में ग्रेड रिवीजन और फिटमेंट स्लिप को लेकर जमकर हंगामा हुआ। कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे पर चर्चा के दौरान यूनियन के ही पदाधिकारी आमने-सामने आ गए। मामला इतना बढ़ा कि तीखी बहस के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। हालांकि, मौजूद कमेटी मेंबरों ने हस्तक्षेप कर विवाद को शांत कराया।
अकाउंट्स पास करने के लिए बुलाई गई थी बैठक
माइकल जॉन सभागार में सुबह करीब 9:30 बजे चार महीने के अकाउंट्स को पास करने के लिए कमेटी मीटिंग आयोजित की गई थी। लेकिन बैठक शुरू होते ही कर्मचारियों को ग्रेड रिवीजन के बाद मिली फिटमेंट स्लिप और बंचिंग सिस्टम का मुद्दा छा गया।
कमेटी के सदस्यों की ओर से फिटमेंट स्लिप को लेकर सवाल उठाए गए। ग्रेड रिवीजन में कथित गड़बड़ी और कर्मचारियों को मिले लाभ को लेकर भी चर्चा की मांग की गई।
माइक पर पहुंचते ही शुरू हुआ विवाद
बैठक की शुरुआत में सहायक सचिव नितेश राज पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के लिए माइक पर पहुंचे थे। इसी दौरान सेंटर प्लांट के कमेटी मेंबर और पूर्व उपाध्यक्ष शिवेश वर्मा अपने समर्थकों के साथ मंच के समीप पहुंच गए।
उन्होंने बंचिंग सिस्टम और ग्रेड रिवीजन से जुड़े सवालों पर तत्काल अपनी बात रखने का अवसर मांगा। इसी दौरान बैठक का माहौल गरमा गया।
एमडी से अकेले मिलने का मुद्दा भी उठा
विवाद के दौरान यूनियन के पदाधिकारियों के बीच एमडी से अकेले मुलाकात करने को लेकर भी सवाल उठे। ग्रेड रिवीजन से जुड़ी प्रक्रिया को लेकर असहमति ने बहस को और तीखा कर दिया।
बताया जा रहा है कि सहायक सचिव नितेश राज और उपाध्यक्ष संजय सिंह के बीच बहस बढ़ने के बाद स्थिति धक्का-मुक्की तक पहुंच गई।
कमेटी मेंबरों ने संभाला मोर्चा
मामला बढ़ता देख बैठक में मौजूद अन्य कमेटी मेंबरों ने दोनों पक्षों के बीच हस्तक्षेप किया और स्थिति को संभाला। कुछ देर के तनाव के बाद बैठक को आगे बढ़ाया गया।
ग्रेड रिवीजन के बाद फिटमेंट स्लिप को लेकर कर्मचारियों में पहले से मौजूद नाराजगी सोमवार की बैठक में खुलकर सामने आ गई। इस घटनाक्रम ने यूनियन के भीतर इस मुद्दे पर बढ़ते मतभेद को भी उजागर कर दिया।


