वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र में फर्जी नाम से शिक्षक की नौकरी कर रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भद्रु बीघा गांव निवासी जयराम बिंद 42 वर्षीय पिता महेश्वर पंडित के रूप में हुई है। आरोप है कि वह सुमित कुमार नाम से अकेर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत था। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।
2023 से फरार चल रहा था आरोपी शिक्षक
नगरनौसा थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार मिश्रा ने बताया कि, आरोपी के विरुद्ध फर्जी पहचान के आधार पर सरकारी नौकरी करने को लेकर विजिलेंस विभाग द्वारा मामला दर्ज कराया गया था। केस दर्ज होने के बाद से वह वर्ष 2023 से फरार चल रहा था। पुलिस को लंबे समय से इसकी तलाश थी।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की गिरफ्तारी
शशि रंजन कुमार मिश्रा ने बताया कि इस बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपने गांव आया हुआ है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने गांव की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से विजिलेंस थाना में मामला दर्ज है और वह लंबे समय से फरार था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें- राजद नेता गुड्डू चंद्रवंशी को युवक ने दी बम से उड़ाने की धमकी, गाली-गलौज भरा वीडियो वायरल

