सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची माइंस एंड जियोलॉजी विभाग की एनफोर्समेंट टीम पर कथित तौर पर खनन माफिया ने हमला कर दिया। आरोप है कि अधिकारियों के साथ मारपीट की गई, मोबाइल फोन छीन लिया गया और सरकारी कार्रवाई में बाधा डालते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में सेक्टर-27 थाना पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अवैध खनन की सूचना पर पहुंची थी टीम

असिस्टेंट माइनिंग इंजीनियर चंद्र भूषण तिवारी ने शिकायत में बताया कि विभाग की टीम ओपी जिंदल ग्लोबल सिटी स्थित प्लॉट नंबर B-112 पर निरीक्षण के लिए पहुंची थी। जांच के दौरान वहां बिना वैध अनुमति के बड़े पैमाने पर मिट्टी की खुदाई होती मिली।

204 मीट्रिक टन मिट्टी की अवैध खुदाई

निरीक्षण में करीब 204 मीट्रिक टन मिट्टी अवैध रूप से खोदी गई पाई गई। कार्रवाई करते हुए विभाग ने मौके से दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक जेसीबी मशीन जब्त कर उन्हें आरटीए पार्किंग यार्ड में खड़ा कराया। साथ ही प्लॉट मालिक को जुर्माना जमा कराने का नोटिस भी जारी किया गया।

हमले और धमकी का आरोप

कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर खनन माफिया ने विभागीय अधिकारियों से अभद्रता की, मारपीट की और उनका मोबाइल फोन छीन लिया। आरोपियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए अधिकारियों को जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

असिस्टेंट माइनिंग इंजीनियर की शिकायत पर सेक्टर-27 थाना पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।