कुंदन कुमार, पटना। जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हालिया बयानों को लेकर उन पर तीखा हमला बोला है। अपराध और क्राइम को लेकर मुख्यमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए तेज प्रताप ने तंज कसते हुए पूछा कि आखिर सम्राट चौधरी किस स्कूल में पढ़े हैं? क्या वे चरवाहा विद्यालय में पढ़े हैं?
दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हाल ही में कहा था कि बिहार में अपराध का कॉन्सेप्ट खत्म हो गया है, हालांकि क्राइम हो सकता है। उनके इसी बयान पर तेज प्रताप यादव ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब अपराध और क्राइम का मतलब एक ही है, तो दोनों में अंतर क्या है? उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान पर तंज कसते हुए उनकी समझ पर भी सवाल खड़े किए।
वहीं, 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ने की अपील पर भी तेज प्रताप यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि अभी छठ और दिवाली जैसे त्योहारों का समय है। ऐसे में क्या लोग त्योहार मनाना और अपने घरों में बिजली का इस्तेमाल करना छोड़ दें? लोग बिजली का उपयोग घरों में बल्ब जलाने और दूसरे जरूरी कामों के लिए करते हैं।
तेज प्रताप ने बिहार के विकास को लेकर भी सरकार से सवाल किया। उन्होंने कहा कि अगर 125 यूनिट मुफ्त बिजली छोड़ने से बिहार का विकास होने की बात कही जा रही है, तो सरकार पहले यह बताए कि आखिर राज्य में विकास कहां हो रहा है?
इसके अलावा, लालू प्रसाद यादव की ओर से लगाए गए वोट चोरी के आरोपों का भी तेज प्रताप यादव ने समर्थन किया। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से वोट की चोरी हुई है। इस तरह तेज प्रताप यादव ने अपराध, मुफ्त बिजली और वोट चोरी के मुद्दे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार सरकार पर निशाना साधा है।
ये भी पढ़ें- तेजस्वी ने हैदराबाद से धीरेंद्र शास्त्री को दी चेतावनी, बोले- बिहार में अच्छे से करेंगे स्वागत

