Tejashwi Yadav: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज बुधवार (4, नवंबर) को हैदराबाद दौरे पर हैं, जहां उन्होंने तेलंगाना सरकार द्वारा NTR स्टेडियम में आयोजित ‘सदर’ उत्सव में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि, ये परंपरा (सदर) काफी ऐतिहासिक रही है। अभी तक इसे बरकरार रखा गया है। इसके लिए जितनी बधाई दी जाए वो कम है। वहीं, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए अटपटे बयान पर कथा वाचक धीरेंद्र शास्त्री पर जमकर निशाना भी साधा।

धीरेंद्र शास्त्री को बताया ‘ठगेश्वर शास्त्री’

तेजस्वी यादव ने कहा कि, उत्तर प्रदेश का चुनाव आया है, तो एक ‘शास्त्री’ सामने आए हैं, एक ‘ठगेश्वर शास्त्री’ (धीरेंद्र शास्त्री) आए हुए हैं। RSS के लोग, BJP के लोग इंसानों को बांट रहे हैं, और अब पीएम मोदी के इशारे पर ‘ठगेश्वर शास्त्री’ भगवानों को बांटने का काम कर रहे हैं। उन्होंने हमारे भगवान कृष्ण के बारे में बहुत ही अशोभनीय बातें कही हैं। अगर ऐसे लोग हैदराबाद या तेलंगाना आएं, तो यादव समाज के लोग उनका अच्छे से स्वागत करिएगा और बिहार में हम भी अच्छे से स्वागत करेंगे।

जेल हम लोगों के लिए मंदिर और गुरुद्वारा- तेजस्वी

संबोधन के दौरान बीजेपी पर निशाना साधते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि, लालू जी इस उम्र में भी लड़ रहे हैं क्योंकि हम लोग कृष्ण के वंशज हैं, हम लोग यादव हैं, किसी से डरते नहीं हैं। जेल तो हम लोगों के लिए मंदिर है, गुरुद्वारा है। गौरतलब है कि लालू यादव बहुचर्चित चारा और आईआरसीटीसी घोटाले में लगातार कोर्ट में पेश होते रहते हैं, जिसका उदाहरण तेजस्वी ने दिया। तेजस्वी ने आगे कहा कि, जब यादव जी लोग बिगडैल भैंस का सींघ पकड़कर सीधा कर देता है, तो यह ठगेश्वर कौन सा खेत का मूली है। नेता प्रतिपक्ष ने धीरेंद्र शास्त्री को पीएम मोदी का जमूरा बताया।

मधुबनी गोलीकांड को लेकर सीएम पर साधा निशाना

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने मधुबनी में हुई गोलीकांड का जिक्र करते हुए कहा कि, जब से सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने हैं, भाजपा की सरकार आई है। ये सरकार पूरी तरह से अपराधियों को संरक्षण देती है। अब पुलिस के लोग ही आम लोगों पर गोली चला रहे हैं। अराजकता का माहौल है। बिहार में पूरी तरह से राक्षस राज कायम हो गया है।

ये भी पढ़ें- ‘जब मुख्यमंत्री ही 7वां फेल होगा तो…’, CM सम्राट के क्राइम वाले बयान पर PK का बड़ा हमला