Tej Pratap Yadav Security: राजद सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे और जजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने सुरक्षा मुहैया कराने को लेकर एक बार फिर से केंद्र और बिहार सरकार से आग्रह किया है। इस संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर कुछ वीडियो को शेयर करते हुए एक लंबा-चौड़ा पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने यह बताने की कोशिश की है कि आखिर उन्हें क्यों सुरक्षा मुहैया कराई जानी चाहिए?

सुरक्षा की मांग को लेकर लिखा पोस्ट

तेज प्रताप यादव ने एक्स पर लिखा, रियलिटी शो ‘Rise and Fall 2’ में काम करके लौटने के बाद से मेरी लोकप्रियता में काफी वृद्धि हुई है। आज मैं जहां भी जाता हूं, वहां बड़ी संख्या में लोग मुझसे मिलने और मेरे साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए एकत्रित हो जाते हैं। कई बार भारी भीड़ मुझे चारों तरफ से घेर लेती है, जिससे मेरी व्यक्तिगत सुरक्षा के साथ-साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका भी बनी रहती है।

यह अत्यंत चिंताजनक विषय है कि वर्तमान में राज्य सरकार द्वारा मुझे केवल एक सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराया गया है। लेकिन जिस तरह से सार्वजनिक स्थानों पर भारी भीड़ मुझे चारों तरफ से घेर लेती है, उससे न केवल मेरी सुरक्षा को खतरा है, बल्कि मेरे साथ तैनात एकमात्र सुरक्षाकर्मी की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है।

घट सकती है कोई अप्रिय घटना- तेज प्रताप

तेज प्रताप यादव ने आगे कहा कि, ऐसी परिस्थितियों में आशंका है कि भीड़ मेरे सुरक्षाकर्मी को भी घेर सकती है, उसके साथ कोई अप्रिय घटना घट सकती है अथवा उसका सरकारी हथियार छीनने जैसी गंभीर घटना भी हो सकती है। ऐसी स्थिति में मेरी और मेरे सुरक्षाकर्मी दोनों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि, मैं इस संबंध में केंद्र सरकार एवं बिहार सरकार को कई बार मौखिक रूप से अवगत करा चुका हूं। इसके अतिरिक्त, पत्र के माध्यम से भी अपनी सुरक्षा को लेकर अनुरोध कर चुका हूं, लेकिन अभी तक मेरी सुरक्षा व्यवस्था में कोई आवश्यक वृद्धि नहीं की गई है।

सरकार से पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने की मांग

तेज प्रताप यादव ने कहा कि, मैं सरकार से पुनः पूछना चाहता हूं कि यदि भविष्य में मेरे साथ अथवा मेरे सुरक्षाकर्मी के साथ कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या सरकार किसी अनहोनी का इंतजार कर रही है? उन्होंने कहा कि, मैं केंद्र सरकार एवं बिहार सरकार से पुनः आग्रह करता हूं कि मेरी वर्तमान लोकप्रियता, सार्वजनिक कार्यक्रमों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा संबंधी गंभीर परिस्थितियों को देखते हुए इस मामले को तत्काल संज्ञान में लिया जाए तथा मुझे पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराई जाए, ताकि किसी भी संभावित अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

तेज प्रताप यादव ने कहा कि, मेरी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। मैं सरकार से किसी विशेष सुविधा की नहीं, बल्कि अपनी और अपने सुरक्षाकर्मी की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था की मांग कर रहा हूं। इस विषय पर सरकार तत्काल गंभीरता से विचार करे।

ये भी पढ़ें- ‘पुरानी यादें हुईं ताजा’, सोनिया गांधी ने दिल्ली में लालू यादव से की मुलाकात, जाना हालचाल