पटना के ज्ञान भवन में आयोजित रियलिटी शो भोजपुरी बवाल के ग्रैंड फिनाले के दौरान राजनीति और मनोरंजन जगत का अनोखा संगम देखने को मिला। इस भव्य कार्यक्रम में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव, और बीजेपी एमएलसी सह पावर स्टार पवन सिंह सहित कई नामचीन हस्तियां शामिल हुईं। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान तीखी बयानबाजी और सियासी चर्चाओं ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं।
तेज प्रताप यादव ने पवन सिंह पर बोला तीखा हमला
कार्यक्रम के दौरान आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव ने भोजपुरी के पावर स्टार और बीजेपी एमएलसी पवन सिंह पर जमकर निशाना साधा। तेज प्रताप ने दावा किया कि कुछ कलाकार शराब का सेवन करते हैं और मंच के पीछे नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। उन्होंने सीधे तौर पर पवन सिंह का नाम लेते हुए उन्हें ‘लफुआ’ तक कह दिया। तेज प्रताप ने कहा कि अगर निष्पक्ष रूप से जांच और अल्कोहल टेस्ट कराया जाए, तो सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि वे अभी सत्ता में हैं और सत्ता का पूरा आनंद ले रहे हैं। इसके साथ ही तेज प्रताप ने यह भी दावा किया कि उन्हीं की लोकप्रियता और काम की वजह से यह रियलिटी शो दर्शकों के बीच हिट साबित हो रहा है।

पवन सिंह ने छुए लालू यादव के पैर, सीएम सम्राट चौधरी रहे मौजूद
दूसरी ओर, कार्यक्रम में एक सकारात्मक और भावुक पल भी देखने को मिला जब पवन सिंह की मुलाकात आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव से हुई। पवन सिंह ने आदरपूर्वक लालू यादव के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और ‘चाचा’ कहकर उनका अभिवादन किया। लालू यादव ने भी स्नेहपूर्वक उनके कंधे पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इसके अलावा, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे थे, लेकिन तेज प्रताप यादव के आने से पहले ही वह वहां से रवाना हो गए। इस पर तेज प्रताप ने तंज कसते हुए कहा कि सीएम को शायद यह आभास हो गया था कि वह आने वाले हैं, इसलिए वे पहले ही निकल गए।


काजल राघवानी बोलीं- तेज प्रताप मेरे अच्छे दोस्त, खेसारी को किया मिस
कार्यक्रम के दौरान अभिनेत्री काजल राघवानी ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी व्यक्तिगत और पेशेवर जिंदगी पर खुलकर बात की। तेज प्रताप यादव के साथ अपनी बॉन्डिंग को लेकर काजल ने कहा कि वह बेहद मजाकिया स्वभाव के इंसान हैं और इस शो के दौरान ही वे उनके बहुत अच्छे दोस्त बन गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि तेज प्रताप ने उन्हें एक ‘लड्डू गोपाल’ भेंट किया है, जिसे वह अपने साथ रखती हैं और इससे उनके अंदर एक अलग ऊर्जा का संचार होता है। इसके साथ ही, काजल राघवानी ने बातचीत के दौरान अपने सह-कलाकार खेसारी लाल यादव को याद करते हुए उन्हें मिस करने की बात कही।


