कुंदन कुमार/ पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने NDA सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए बिहार के युवाओं के साथ अन्याय और विश्वासघात करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा केवल वही मांग कर रहे हैं, जिसका वादा NDA ने चुनाव से पूर्व किया था प्रतिवर्ष एक करोड़ नौकरियां। यादव ने सवाल उठाया कि आखिर अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना और पेपर लीक के खिलाफ आवाज उठाना बिहार में अपराध कैसे हो गया?
’युवाओं पर लाठीचार्ज बर्दाश्त नहीं’
तेजस्वी ने कहा कि सरकार युवाओं की आवाज दबाने के लिए पुलिस का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि बिहार के युवाओं पर बार-बार होने वाला लाठीचार्ज कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार को नसीहत दी कि यदि पुलिस बल का इतना ही शौक है, तो उसका उपयोग भ्रष्टाचार और अपराध को रोकने तथा अपराधियों के खात्मे के लिए किया जाना चाहिए।
TRE-4 को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल
तेजस्वी ने दावा किया कि वर्तमान सरकार की TRE-4 की वैकेंसी निकालने की कोई मंशा ही नहीं है। उन्होंने अपने 17 महीने के कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा कि उस दौरान बिना किसी पेपर लीक के TRE-1 और TRE-2 के तहत दो लाख से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की गई और 1.30 लाख पदों पर प्रक्रिया शुरू की गई थी।
तेजस्वी ने सरकार की विफलता गिनाते हुए कहा कि 2024 और 2025 गुजर गए, कई बार मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री बदले, लेकिन TRE-4 की वैकेंसी का अता-पता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य के प्रति गंभीर नहीं है; मुख्यमंत्री और मंत्री केवल रील बनाने और बयानबाजी में व्यस्त हैं।
NDA का छल-कपट उजागर
तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव से पहले युवाओं के सामने हाथ जोड़ने वाले NDA नेताओं की सरकार में अब केवल लाठियां मिल रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि NDA का यह कथित छल-कपट बिहार का युवा कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने मांग की कि सरकार अविलंब TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी करे और युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करे।

