कुंदन कुमार, पटना। राजधानी पटना में एक बार फिर से कथित तौर पर जहरीली शराब से मौत का तांडव देखने को मिला है। दरअसल बाढ़ अनुमंडल के बेढ़ना गांव में कल रविवार को चार युवकों की संदिग्ध मौत होने से इलाके में हड़कंप मच गया। आरोप है कि शराब पीने के बाद सभी चारों युवकों की अचानक तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान सभी की मौत हो गई। जहरीली शराब कांड को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का बयान सामने आया है।

घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण

तेजस्वी यादव ने पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, घटना को बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है, जिसमें लोगों की जहरीली शराब पीने से मौत हुई हो। इससे पहले भी कई बार इस तरह की चीजें हुई हैं। तेजस्वी ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि, पहले की घटनाओं से अगर प्रशासन ने सबक लिया होता, तो आज यह घटना नहीं घटती। उन्होंने कहा कि, प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है। लगातार हो रही इस तरह की घटनाएं गंभीर है। प्रशासन को इसका जवाब देना चाहिए।

निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग

नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा कि, इस तरह की जो भी घटनाएं सामने आती हैं, उसमें गरीब लोगों की ही जान जा रही है। इनसे (शराब) जुड़े मामलों में गरीब लोगों को ही जेल भेजा जा रहा है। तेजस्वी ने सरकार से बाढ़ में हुई मौतों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की और कहा कि घटना से जुड़ी वास्तविक वजह सबके सामने आनी चाहिए। वहीं, आज राजद की होने वाली बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि, संगठन को और मजबूत करने के उद्देश्य से पार्टी की यह बैठक आयोजित की गई है। बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक रणनीति को लेकर फैसला लिया जाएगा।

घटना पर एसडीओ कृष्णा जोशी का बयान

घटना के संबंध में बाढ़ अनुमंडलीय एसडीओ कृष्णा जोशी ने बताया कि, मामले की जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु का स्पष्ट कारण पता चल पाएगा। घटनास्थल से शराब की बोतलें, पैग बनी हुई डिस्पोजल ग्लास व अन्य चीजें बरामद की गई है, जिसकी जांच चल रही है।

परिजनों ने स्वीकार की शराब पीने की बात

जबकि मृतक के परिजन निर्मल सिंह ने बताया कि सावन खत्म होने के बाद छुट्टी वाले दिन मेरा पोता निशु कुमार (30) और भतीजा शशि कुमार (32) गांव के ही दो अन्य दोस्तों के साथ आरएस शराब की बोतल के साथ मछली पार्टी कर रहा था। उसी दौरान चारों युवक की तबियत बिगड़ गई, जिसे आनन फानन में इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से नाजुक हालात में उन्हें पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। जिसके बाद डॉक्टर ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक युवकों की पहचान बेढ़ना गांव निवासी शशि कुमार (32), पिता रामाकांत कुमार, विकास राम (40), पिता विरजु राम, पंकज सिंह (45), पिता नन्दे सिंह और निशु कुमार (30), पिता राजू सिंह के रूप में हुई है।

ये भी पढ़ें- माता-पिता को न्याय दिलाने के लिए दूसरे दिन भी आदित्य राज का धरना जारी, PM मोदी से मिलने की मांग