कुंदन कुमार/ पटना। बिहार की राजनीति में एक बार फिर से गर्माहट आ गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुजफ्फरपुर के एक कथित वीडियो को आधार बनाकर भारतीय जनता पार्टी और बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल से एक वीडियो साझा किया है, जिसमें भाजपा विधायक की मौजूदगी में मारपीट की घटना को अंजाम दिया जा रहा है।
विधायक पर ‘गुंडागर्दी’ का आरोप
तेजस्वी यादव द्वारा जारी किए गए वीडियो के हवाले से दावा किया गया है कि मुजफ्फरपुर के भाजपा विधायक अपने समर्थकों के साथ वार्ड नंबर 48 के एक स्थानीय निवासी के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट कर रहे हैं। तेजस्वी ने इसे सत्ता का अहंकार बताते हुए कहा कि भाजपा के विधायक अब खुलेआम गुंडाराज को संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने वीडियो के जरिए यह दिखाने की कोशिश की है कि किस तरह एक जनप्रतिनिधि की मौजूदगी में कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

सीएम सम्राट चौधरी को खुली चुनौती
तेजस्वी यादव ने सीधे तौर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को निशाने पर लिया है। उन्होंने ट्वीट में ललकारते हुए लिखा, “सम्राट चौधरी में अगर थोड़ी भी हिम्मत है, तो वे अपने इस दबंग विधायक पर कड़ी कार्रवाई करके दिखाएं।” तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार केवल विपक्ष के नेताओं पर कार्रवाई करने में फुर्ती दिखाती है, लेकिन जब बात अपने दल के विधायकों की आती है, तो वे चुप्पी साध लेते हैं।
जातिगत राजनीति और मीडिया पर तंज
नेता प्रतिपक्ष ने इस मामले में जाति का एंगल जोड़ते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विधायक एक “विशेष जाति” से ताल्लुक रखते हैं, इसलिए उन्हें सरकार का संरक्षण प्राप्त है और उन पर कोई आंच नहीं आ रही है। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यधारा की मीडिया पर भी पक्षपात का आरोप लगाया। तेजस्वी ने कहा कि यदि यही कृत्य विपक्ष के किसी विधायक ने किया होता, तो अब तक तमाम न्यूज चैनलों पर इसकी सुर्खियां बन चुकी होतीं, लेकिन सत्ता पक्ष का मामला होने के कारण इसे दबाया जा रहा है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

