कुंदन कुमार, पटना। राजनीति की दुनिया में अपने अनूठे और अलग अंदाज के लिए हमेशा चर्चा में रहने वाले लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव एक बार फिर सुर्खियों में छाए हुए हैं। इस बार वह किसी राजनीतिक बयान या गतिविधि के कारण नहीं, बल्कि बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा मल्लिका शेरावत के साथ अपने नए प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। सूट-बूट पहने तेजप्रताप यादव का यह ग्लैमरस और नया अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर शेयर किया गया रोमांचक वीडियो
तेजप्रताप यादव ने हाल ही में मल्लिका शेरावत के साथ अपना एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। इस वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा बहुत जल्द आ रहा है… कुछ बहुत बड़ा आने वाला है! बहुत जल्द पूरे देश और पूरे एशिया को कुछ नया देखने को मिलने वाला है। मल्लिका शेरावत जी के साथ हमारा कुछ खास और नया आने वाला है। फिलहाल यह एक सस्पेंस है… इसलिए दिल थामकर बैठिए और चेहरे पर ज्यादा बेचैनी मत लाइए! बस कुछ ही दिनों का इंतजार है… 1 से 10 तक गिनती शुरू कर दीजिए! बाकी राज से पर्दा बहुत जल्द उठेगा।
राजनीति से दूर मनोरंजन जगत में हलचल
राजनीति की दुनिया से अलग अचानक तेजप्रताप यादव का मनोरंजन जगत की ओर रुख करना लोगों को हैरान भी कर रहा है और रोमांचित भी। इससे पहले वह रियलिटी शो भोजपुरी बवाल को लेकर भी काफी चर्चा में रहे थे। अब बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री मल्लिका शेरावत के साथ उनके इस नए कोलैबोरेशन ने इंटरनेट पर धमाल मचा दिया है। इससे पहले भी तेजप्रताप ने मल्लिका के साथ एक वीडियो साझा किया था जिसमें दोनों बेहद सहज अंदाज में बातचीत करते और मोबाइल स्क्रीन पर कुछ देखते हुए नजर आए थे।
प्रोजेक्ट को लेकर फैंस में बढ़ी उत्सुकता
मल्लिका शेरावत और तेजप्रताप यादव के इस नए प्रोजेक्ट को लेकर अभी भी सस्पेंस बरकरार है। दोनों दिग्गज हस्तियां किस प्लेटफॉर्म या किस प्रोजेक्ट के तहत एक साथ स्क्रीन साझा कर रही हैं, इसे लेकर उनके फैंस के बीच भारी उत्सुकता बनी हुई है। सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कयासों का दौर जारी है हालांकि अभी तक दोनों की तरफ से आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। देखना यह दिलचस्प होगा कि यह बड़ा सरप्राइज आखिरकार क्या सामने लेकर आता है।


