अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक टेंट संचालक युवक की सड़क पर गिरे जिंदा बिजली के तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में बिजली कंपनी (MPEB) के खिलाफ भारी आक्रोश है।
मॉर्निंग वॉक पर काल बनकर टूटा करंट
दरअसल घटना सोहागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम धुरवार की है। जानकारी के अनुसार, धुरवार निवासी सुनील यादव (टेंट संचालक) रोज की तरह सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक (सैर) पर निकले थे। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि बिजली विभाग की एक लापरवाही सड़क पर उनका काल बनकर इंतजार कर रही है। जैसे ही वह सड़क किनारे पहुंचे, वहां पहले से टूटे पड़े हाई-वोल्टेज विद्युत तार के संपर्क में आ गए और करंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही तड़प-तड़प कर दर्दनाक मौत हो गई।
40 रुपए के लिए खूनी संघर्ष ! गुटखा नहीं देने पर बदमाशों ने दुकानदार को परिवार समेत
तेज आंधी-तूफान के बाद गिरे तार
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान के कारण बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी और हाई-टेंशन तार टूटकर सड़क के किनारे गिर गया था। आंधी-तूफान के बाद बिजली कंपनी (MPEB) को लाइनों की जांच करनी चाहिए थी या सप्लाई बंद रखनी चाहिए थी, लेकिन विभाग की घोर लापरवाही के चलते तारों में करंट दौड़ रहा था, जिसने एक हंसते-खेलते युवक की जान ले ली।
दिल दहलाने वाली घटनाः अमरकंटक में आकाशीय बिजली से युवक-युवती की मौत,
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
सड़क पर युवक का शव देखकर इलाके में सनसनी फैल गई और भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही सोहागपुर थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

