केसिंगा। जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ के इतिहास में आज एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। आचार्य श्री महाश्रमण ने अपने उत्तराधिकारी के रूप में मुख्य मुनि श्री महावीर कुमार को युवाचार्य पद पर मनोनीत करने की ऐतिहासिक घोषणा की। इस घोषणा के साथ ही देशभर सहित केसिंगा के तेरापंथ समाज में हर्ष और उत्साह का वातावरण छा गया।
यह महत्वपूर्ण घोषणा आचार्य श्री महाश्रमण के लाडनूं चातुर्मास के पावन अवसर पर की गई, जहां सैकड़ों साधु-संतों और बड़ी संख्या में उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने। घोषणा होते ही पूरा परिसर “जय-जय ज्योतिचरण, जय महाश्रमण” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा और श्रद्धालुओं ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
केसिंगा में भी छाया उल्लास
युवाचार्य पद की घोषणा की खबर मिलते ही केसिंगा के तेरापंथ समाज में भी खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय तेरापंथ भवन में विराजित मुनि श्री हिमांशु कुमार एवं मुनि श्री हेमंत कुमार ने अपने मंगल उद्बोधन में इस ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि आज तेरापंथ धर्मसंघ के लिए अत्यंत हर्ष और उल्लास का दिन है। उन्होंने कहा कि आचार्य श्री महाश्रमण द्वारा मुख्य मुनि श्री महावीर कुमार को उत्तराधिकारी घोषित किया जाना संघ के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

मुनि श्री हिमांशु कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आचार्य महाश्रमण के इस निर्णय से संपूर्ण तेरापंथ धर्मसंघ में नई ऊर्जा और विश्वास का संचार हुआ है। यह घोषणा संघ की परंपरा, अनुशासन और आध्यात्मिक नेतृत्व को नई दिशा प्रदान करेगी।
इस पावन अवसर पर स्थानीय तेरापंथ सभा के अध्यक्ष रामकुमार जैन ने भी मुख्य मुनि श्री महावीर कुमार को युवाचार्य पद पर मनोनीत किए जाने पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि युवाचार्य महावीर कुमार के कुशल नेतृत्व में तेरापंथ धर्मसंघ नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और समाज में आध्यात्मिक एवं नैतिक मूल्यों का और अधिक विस्तार होगा।
इस ऐतिहासिक निर्णय का केसिंगा सहित पूरे तेरापंथ समाज ने हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने इसे धर्मसंघ के लिए गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक क्षण बताते हुए आचार्य श्री महाश्रमण के प्रति आभार व्यक्त किया।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


