तमिलनाडु की राजनीति में अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय, यानी थलपति विजय, को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के नेताओं की ओर से विजय को भविष्य का प्रधानमंत्री बताए जाने पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के लिए किसी भी नेता या गठबंधन के पास लोकसभा में 272 सांसदों का समर्थन होना जरूरी है।

कार्ति चिदंबरम ने विजय पर क्या कहा?

कार्ति चिदंबरम ने TVK के पीएम पद से जुड़े दावे पर तंज कसते हुए कहा कि भारत में प्रधानमंत्री वही बन सकता है, जिसके पीछे लोकसभा में बहुमत यानी 272 सांसदों का समर्थन हो। उन्होंने कहा कि TVK फिलहाल एक ऐसी पार्टी है, जो एक बड़े फिल्म स्टार के इर्द-गिर्द केंद्रित है। ऐसे में पार्टी अपने नेता के लिए बड़े सपने और महत्वाकांक्षाएं रख सकती है।

कांग्रेस ने TVK की राजनीति पर साधा निशाना

तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष मणिकम टैगोर भी विजय और TVK की राजनीतिक शैली पर सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के कुछ नेता अभी भी फैन क्लब वाली मानसिकता से बाहर नहीं निकल पाए हैं। कांग्रेस का दावा है कि राज्य और देश की राजनीति को केवल लोकप्रियता के आधार पर नहीं, बल्कि मजबूत राजनीतिक संगठन और जनसमर्थन के आधार पर देखा जाना चाहिए।

कांग्रेस ने फिर दोहराया राहुल गांधी का नाम

कांग्रेस की ओर से लगातार राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के लिए अपने प्रमुख चेहरे के तौर पर पेश किया जा रहा है. 22 अगस्त को मणिकम टैगोर ने राहुल गांधी का नाम दोहराते हुए तमिलनाडु में NEET को लेकर कांग्रेस की पुरानी स्थिति भी बताई थी. टैगोर ने कहा था कि राज्य को यह तय करने का अधिकार होना चाहिए कि तकनीकी परीक्षाएं किस तरह आयोजित की जाएं. उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी 2019 के कांग्रेस घोषणापत्र में तमिलनाडु को NEET से मुक्त करने के वादे के प्रमुख सूत्रधार थे.

उनके मुताबिक, राहुल गांधी ने वादा किया था कि दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनने पर तमिलनाडु को NEET से छूट दी जाएगी. टैगोर ने यह भी कहा कि तमिलनाडु को राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने से पहले ही NEET से छूट मिलनी चाहिए और मेडिकल कॉलेजों में दाखिले का आधार 12वीं के परीक्षा परिणाम होने चाहिए.

TVK नेताओं ने विजय को बताया अगला प्रधानमंत्री

वहीं, TVK की ओर से विजय को प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाने को लेकर कई बड़े बयान सामने आ चुके हैं. तमिलनाडु सरकार में मंत्री एम. शरतकुमार ने विजय को अगला भारतीय प्रधानमंत्री तक बता दिया था. उन्होंने कहा था कि पार्टी के नेता विजय उनके दिलों और घरों के साथ-साथ सेंट जॉर्ज फोर्ट में भी मुख्यमंत्री हैं और वह अगले भारतीय प्रधानमंत्री हैं. उन्होंने दावा किया कि विजय निश्चित रूप से देश के अगले प्रधानमंत्री बनेंगे.

दक्षिण भारत से PM बनाने की मांग भी उठी

TVK के एक अन्य नेता आधव अर्जुन ने भी प्रधानमंत्री पद को लेकर दक्षिण भारत की दावेदारी की बात कही थी. उन्होंने कहा था कि मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था में पांच या छह उत्तरी राज्यों के एक साथ आने से प्रधानमंत्री चुना जा सकता है. उन्होंने इस व्यवस्था को बदलने की जरूरत बताते हुए कहा था कि भविष्य में प्रधानमंत्री दक्षिणी राज्यों, खासकर तमिलनाडु से चुना जाना चाहिए. विजय को प्रधानमंत्री पद का चेहरा बताए जाने और कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी का नाम दोहराए जाने के बीच तमिलनाडु की राजनीति में यह मुद्दा आने वाले दिनों में और चर्चा में रहने की संभावना है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m