गोहाना। गोहाना के रहने वाले महेंद्र सिंह मलिक उस समय हैरान रह गए, जब उनकी कार घर से बाहर निकले बिना ही दो बार टोल कटने का मैसेज मोबाइल पर आ गया।

मलिक के मुताबिक उनकी कार पिछले करीब एक महीने से घर पर ही खड़ी है, लेकिन फिर भी Milk Majra Toll Plaza से टोल कटने के एसएमएस प्राप्त हुए। पहला मैसेज सोमवार शाम 6:38 बजे और दूसरा मंगलवार सुबह 8:02 बजे आया।

उन्होंने बताया कि उनकी गाड़ी पर वार्षिक टोल पास बना हुआ है। पहले मैसेज में बाकी ट्रिप 88 दिखाई गईं, जबकि दूसरे में 87 ट्रिप बची होने की जानकारी दी गई।

CCTV फुटेज बनी सबसे बड़ा सबूत

महेंद्र सिंह मलिक का कहना है कि घर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज साफ दिखाती है कि उनकी कार पिछले एक महीने से बाहर नहीं निकली। ऐसे में टोल कटना कई सवाल खड़े कर रहा है।

NHAI और पुलिस से की शिकायत

मामले को गंभीर मानते हुए मलिक ने National Highways Authority of India (NHAI) के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही पुलिस को भी पूरे मामले की सूचना दे दी गई है।

अब आशंका जताई जा रही है कि कहीं किसी ने फर्जी नंबर प्लेट या FASTag का गलत इस्तेमाल तो नहीं किया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।