दिल्ली में महिलाओं, बुजुर्गों और छात्रों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार जल्द ही ‘सेफ दिल्ली ऐप’ लॉन्च करने जा रही है। इस ऐप के जरिए आपात स्थिति में पुलिस तक तुरंत सूचना पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। सरकार के मुताबिक, ऐप से भेजा गया अलर्ट एक सेकंड से भी कम समय में पुलिस कंट्रोल रूम तक पहुंच सकेगा। इसके जरिए सिर्फ यूजर की लोकेशन ही नहीं, बल्कि घटनास्थल का लाइव ऑडियो, वीडियो और GPS लोकेशन भी पुलिस को उपलब्ध कराया जाएगा।
दिल्ली सरकार के प्रस्तावित ‘सेफ दिल्ली ऐप’ की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि आपात स्थिति में पीड़ित को मोबाइल चलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। खतरा महसूस होने पर पहले से तय किए गए वॉयस कमांड बोलते ही ऐप सक्रिय हो जाएगा और पुलिस कंट्रोल रूम को तुरंत अलर्ट भेज देगा। ऐप में यूजर पहले से अपनी जरूरी जानकारी और इमरजेंसी कॉन्टैक्ट नंबर दर्ज कर सकेंगे। आपात स्थिति में पुलिस को अलर्ट भेजने के साथ-साथ ऐप के जरिए परिवार के सदस्यों या भरोसेमंद लोगों को भी सूचना पहुंचाई जा सकेगी। सरकार के मुताबिक, अलर्ट सिस्टम के तहत पहले से सेव किए गए मोबाइल नंबरों पर SMS और व्हाट्सऐप के जरिए संदेश भेजने की सुविधा भी होगी, ताकि पीड़ित के करीबी लोग भी तुरंत स्थिति से अवगत हो सकें।
अधिकारियों के मुताबिक, यह ऐप उन महिलाओं के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है जो देर रात ऑफिस से घर लौटती हैं। इसके अलावा सुनसान रास्तों या कॉलेज कैंपस में अकेली रहने वाली छात्राओं और घर में अकेले रहने वाले बुजुर्गों को भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सकेगी। ऐप की मदद से खतरे की स्थिति में बिना फोन चलाए वॉयस कमांड के जरिए पुलिस को अलर्ट भेजने की सुविधा होगी। इसके साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम को यूजर की लोकेशन, GPS और घटनास्थल से जुड़ी अन्य जानकारी तुरंत मिल सकेगी।
एक सेकंड से भी कम समय में पुलिस तक पहुंचेगा SOS अलर्ट
सरकार का दावा है कि ऐप के जरिए भेजा गया SOS अलर्ट एक सेकंड से भी कम समय में पुलिस कंट्रोल रूम तक पहुंच जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, यह ऐप महिलाओं, बुजुर्गों और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। आपात स्थिति में यूजर सीधे पुलिस कंट्रोल रूम को अलर्ट भेज सकेंगे, जिससे मौके पर तुरंत मदद पहुंचाने में आसानी होगी। सरकार का दावा है कि यह देश में अपनी तरह का पहला SOS अलर्ट सिस्टम होगा, जो दिल्ली में स्ट्रीट क्राइम, महिलाओं के साथ छेड़छाड़, स्टॉकिंग, लूटपाट, चेन स्नैचिंग, सुनसान इलाकों में होने वाली वारदातों और बुजुर्गों के खिलाफ अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद करेगा।
जल्द कैबिनेट मंजूरी के बाद लॉन्च की तैयारी
अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जिले में इस ऐप का पायलट प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है और इसकी रिपोर्ट सरकार को भेज दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐप के जरिए मिलने वाला लाइव वीडियो और ऑडियो कंट्रोल रूम को घटनास्थल की वास्तविक स्थिति समझने में मदद करेगा। इससे पुलिस को हालात का तुरंत आकलन कर कार्रवाई करने में आसानी होगी। घटनास्थल की लाइव फुटेज उपलब्ध होने से अपराधियों की पहचान करने और जांच को आगे बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली सरकार ने ‘सेफ दिल्ली ऐप’ को मंजूरी देने के लिए कैबिनेट प्रस्ताव तैयार कर लिया है। अगर प्रक्रिया तय समय के अनुसार आगे बढ़ी तो जल्द ही कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद इसे लॉन्च किया जा सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

