नीट पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA अब अपने पूरे सिस्टम को नए सिरे से तैयार कर रही है. अब NTA अपने ढांचे से लेकर कर्मचारियों की नियुक्तियों, परीक्षा संचालन और सुरक्षा व्यवस्था तक कई बदलाव कर रहा है. दिल्ली के मिंटो रोड स्थित नए सरकारी परिसर में गोपनीय कामकाज को शिफ्ट किया गया है, जहां 39 सीआईएसएफ जवान सुरक्षा संभाल रहे हैं.

डायरेक्टर जनरल के पद को जॉइंट सेक्रेटरी स्तर से बढ़ा कर एडिशनल सेक्रेटरी स्तर तक करने का प्रस्ताव सरकार के विचार अधीन है.

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी का कामकाज अब नई दिल्ली के मिंटो रोड स्थित नए कार्यालय से संचालित हो रहा है, जहां गोपनीय और संवेदनशील कार्यों की सुरक्षा के लिए 39 CISF जवान तैनात किए गए हैं. दिल्ली के मिंटो रोड स्थित भारत सरकार प्रेस भवन में NTA का नया ऑफिस शुरू हो चुका है जहां एजेंसी को 55,524.53 वर्गफुट तक जगह मिली है. इस परिसर में गोपनीय क्षेत्र की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रोटोकॉल तैयार किया जा रहा है. 

NTA के काम करने के तरीके में सबसे बड़े बदलावों में से एक उसके संगठनात्मक ढांचे से जुड़ा है. NTA में पहले कर्मचारी और अधिकारियों को अलग-अलग परीक्षाओं के हिसाब से यूनिट में बांटा जाता था. अब इस व्यवस्था को बदलकर काम और विशेषज्ञता के आधार पर फंक्शनल वर्टिकल तैयार किए जा रहे हैं. NTA में बदलाव के साथ अधिकारियों की नियुक्ति भी की जा रही है.

वहीं NEET-UG को भविष्य में पेन-पेपर मोड से हटाकर कंप्यूटर-बेस्ड टेस्टिंग यानी CBT में कराने का विकल्प भी विचाराधीन है हालांकि इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है.

2024 की NEET-UG परीक्षा भी इसी वजह से खास तौर पर चर्चा में रही.इन घटनाओं के बाद परीक्षाओं की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हाई-लेवल कमेटी ऑन एग्जामिनेशन यानी HLCE का गठन किया गया था. 

गृह मंत्रालय के आदेश के बाद नए परिसर में 39 CISF जवानों की तैनाती की गई है. इनकी जिम्मेदारी गोपनीय क्षेत्र में आने जाने वालों की स्क्रीनिंग और एक्सेस कंट्रोल की है. साथ ही गोपनीय क्षेत्र के सभी प्रवेश और निकास बिंदुओं पर जांच की व्यवस्था की गई है. इसमें सामान की एक्स-रे जांच और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर यानी DFMD के जरिए फ्रिस्किंग भी शामिल है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m