राजधानी दिल्ली की रेखा सरकार ने ई-रिक्शा रजिस्ट्रेशन पर लगी रोक को हटाते हुए 15 मई 2026 से इसे फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही ई-रिक्शा ड्राइवरों के प्रशिक्षण प्रमाणपत्र जारी करने वाला पोर्टल भी दोबारा शुरू कर दिया गया है। इस फैसले का ईवी मैन्युफैक्चरिंग सोसायटी (ईवीएमएस) ने स्वागत करते हुए दिल्ली सरकार का धन्यवाद किया है। ईवीएमएस के जनरल सेक्रेटरी राजीव तुली ने बताया कि पिछले चार-पांच महीनों से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया बंद थी, जिससे ई-रिक्शा से जुड़े हजारों लोगों को परेशानी हो रही थी। मुख्य विवाद ड्राइवरों के ट्रेनिंग सर्टिफिकेट और सिस्टम सुधार को लेकर था।

ईवीएमएस के प्रतिनिधिमंडल ने परिवहन मंत्री से की थी मुलाकात

इस मुद्दे पर ईवीएमएस के प्रतिनिधिमंडल ने परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह से मुलाकात की। पंकज सिंह ने जानकारी दी कि 12 मई 2026 से ट्रेनिंग सर्टिफिकेट जारी करने वाला पोर्टल दोबारा शुरू कर दिया गया है और 15 मई से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। इससे पहले प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से भी मुलाकात की थी, जिसमें जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया था। ईवीएमएस ने कहा कि यह फैसला ई-रिक्शा ड्राइवरों, निर्माताओं और डीलरों के लिए राहत भरा है। प्रतिनिधिमंडल में राजीव तुली के साथ अमित झांब, पवन कक्कड़, मितुल बत्रा और दिनेश गोयल भी शामिल रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m