अजीत पाटकर, चरचा। कोरिया जिले के चरचा कॉलरी स्थित व्हीटीसी कॉलोनी में एक सूने मकान से सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए आभूषणों को बरामद किया गया है, जिसकी कुल कीमत करीब 4 लाख 92 हजार 300 रुपये बताई जा रही है।

परिवार के बाहर जाने के दौरान हुई चोरी
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी तन्मय भंडारी परिवार के साथ अपने गृहग्राम दुर्गापुर, आसनसोल, पश्चिम बंगाल गए थे। इसी दौरान 23 अगस्त को उनके करीबी ने फोन कर घर में चोरी होने की जानकारी दी। इसके बाद घर लौटने पर तन्मय भंडारी ने देखा कि मकान के दरवाजे की सांकल निकली हुई थी और अंदर रखी आलमारी टूटी हुई थी। आलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे। इनमें सोने का हार, कंगन, कान की बालियां, अंगूठियां, मांग टीका, बच्चे का लॉकेट, चांदी का कड़ा, पायल और कमरबंद सहित अन्य सामान शामिल था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर चरचा थाना में धारा 305(ए), 331(3) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

आरोपियों तक ऐसे पहुंची पुलिस
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चरचा थाना और साइबर सेल की टीम ने अज्ञात आरोपियों की तलाश और चोरी गए माल की बरामदगी के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर प्रार्थी के पड़ोसी हर्षवर्धन शर्मा और एक नाबालिग को बुलाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने 22 अगस्त की रात तन्मय भंडारी के घर चोरी करना स्वीकार किया। नाबालिग की निशानदेही पर चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त 5 हजार रुपये नगद और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं हर्षवर्धन शर्मा के कब्जे से चोरी के पैसों से खरीदा गया एक मोबाइल फोन सिम सहित जब्त किया गया।
चोरी के जेवर बेचने में तीन लोगों की कड़ी सामने आई
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बिक्री के लिए ग्राम सलका निवासी अक्षय बसोर को दिए थे। इसके बाद अक्षय बसोर ने इन आभूषणों को पटना निवासी सतेन्द्र सोनी के पास बेच दिया। सतेन्द्र सोनी ने जेवरात के बदले आरोपियों को 1 लाख 33 हजार रुपये दिए थे। इसमें से 56,700 रुपये अपचारी बालक को दिए गए, जबकि शेष राशि आरोपी ने अपने पास रखी थी। खर्च के बाद बची 4,380 रुपये की राशि भी पुलिस ने जब्त कर ली।
सोने-चांदी के जेवर बरामद
पुलिस ने सतेन्द्र सोनी के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में दो सोने की अंगूठियां, दो जोड़ी कान की बालियां और एक लॉकेट शामिल हैं। इसके अलावा पिघला हुआ सोना और चांदी भी बरामद की गई है। बरामद सोने का कुल वजन करीब 29.91 ग्राम और चांदी का वजन करीब 177 ग्राम है। बरामद सोने की कीमत लगभग 4.50 लाख रुपये और चांदी की कीमत करीब 42,300 रुपये बताई गई है। इस तरह सोने-चांदी की कुल कीमत करीब 4,92,300 रुपये है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस ने मामले में एक नाबालिग समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
- हर्षवर्धन शर्मा (18 वर्ष) निवासी व्हीटीसी कॉलोनी, चरचा।
- अक्षय बसोर (27 वर्ष) निवासी ग्राम सलका, बैकुंठपुर थाना।
- सत्येन्द्र सोनी (42 वर्ष) निवासी बाजारपारा, थाना पटना।
- एक अपचारी बालक।
एसपी ने आमजन से की अपील
पुलिस अधीक्षक(एसपी) हरिश राठौर ने आमजन से अपील की है कि अपराध और चोरी की घटनाओं की रोकथाम में पुलिस को आम लोगों से मिलने वाली सूचना महत्वपूर्ण होती है। किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि या चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने कहा कि चोरी और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



