आशुतोष द्विवेदी, रीवा। जिले के जवा जनपद क्षेत्र में स्थित भड़रा-इटमा वाटरफॉल इन दिनों सैलानियों से गुलजार है। प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध यह स्थल बड़ी संख्या में पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है, लेकिन यहां सुरक्षा व्यवस्था का अभाव गंभीर चिंता का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

बरसात के मौसम की दस्तक के साथ भड़रा-इटमा वाटरफॉल पर रोजाना सैकड़ों से लेकर हजारों लोग पहुंच रहे हैं। युवा तेज जलधाराओं और गहरे पानी के बीच सेल्फी लेने, नहाने और मौज-मस्ती करते नजर आते हैं। लेकिन मौके पर न तो सुरक्षा कर्मियों की तैनाती है और न ही किसी प्रकार की प्रभावी निगरानी व्यवस्था दिखाई देती है। ऐसे में पर्यटकों की जान जोखिम में पड़ रही है।

कुछ समय पहले इसी क्षेत्र में टमस नदी की तेज धारा में एक युवक फंस गया था, जिसे पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत को उजागर किया, लेकिन अब तक कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है।

भाजपा मंडल महामंत्री शिवशंकर तिवारी का कहना है कि वाटरफॉल पर प्रतिदिन भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, लेकिन चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और बचाव दल जैसी मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं। उनका कहना है कि पहले भी कई दुर्घटनाएं और डूबने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, इसके बावजूद प्रशासन गंभीर नहीं दिख रहा है।

वहीं वरिष्ठ समाजसेवी कंचन मिश्रा ने भी प्रशासन से तत्काल सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि बढ़ती पर्यटक संख्या को देखते हुए प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम, सुरक्षा गार्ड और निगरानी तंत्र की व्यवस्था बेहद जरूरी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना के बाद जागने की परंपरा पर चल रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए, तो यह खूबसूरत पर्यटन स्थल कभी भी किसी बड़े हादसे का गवाह बन सकता है।

भड़रा-इटमा वाटरफॉल की बढ़ती लोकप्रियता जहां पर्यटन की दृष्टि से अच्छी खबर है, वहीं सुरक्षा व्यवस्थाओं की कमी प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी किसी अनहोनी से पहले कदम उठाते हैं या फिर किसी हादसे के बाद कार्रवाई होती है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m