रविंद्र भारद्वाज, रायबरेली. पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने रायबरेली पहुंचकर भाजपा, सपा और बसपा पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने भाजपा नेता केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि जो लोग अपनी सीट तक नहीं बचा पाए, वे सरकार बनाने का दावा कैसे कर सकते हैं. स्वामी प्रसाद ने इसे लेकर केशव प्रसाद मौर्य पर तीखा तंज कसा और कहा कि राजनीतिक दावे करने से पहले नेताओं को अपनी राजनीतिक स्थिति पर भी विचार करना चाहिए.
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश की राजनीति में जनता अब पुराने राजनीतिक विकल्पों से ऊब चुकी है. उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की जनता तीसरे मोर्चे को मौका देगी. उनके मुताबिक, तीसरा मोर्चा प्रदेश में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगा और सरकार बनाने की स्थिति में पहुंचेगा.
इसे भी पढ़ें : सरकार, सपा और सियासतः डिप्टी CM मौर्य अखिलेश यादव पर साधा निशाना, अमित शाह का जिक्र कर कह दी बड़ी बात
बसपा प्रमुख मायावती द्वारा आकाश आनंद को एक बार फिर पार्टी में किनारे किए जाने के मुद्दे पर भी स्वामी प्रसाद मौर्य ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि बसपा में नेतृत्व और संगठन से जुड़े फैसलों को लेकर लगातार असमंजस की स्थिति दिखाई देती है. मौर्य ने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर नेताओं को बार-बार आगे करने और फिर पीछे करने से कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है.
अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी अब तक कई बार अपना नेतृत्व और राजनीतिक रुख बदल चुकी है. उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने में सफल नहीं होगी. मौर्य ने कहा कि प्रदेश की जनता अब ऐसे राजनीतिक विकल्प की तलाश में है, जो मौजूदा दलों से अलग हो और जनता के मुद्दों को प्राथमिकता दे. स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा, सपा और बसपा के प्रति जनता का भरोसा लगातार कमजोर हुआ है. उन्होंने दावा किया कि इसी राजनीतिक परिस्थिति का लाभ तीसरे मोर्चे को मिलेगा.



