सोहराब आलम, मोतिहारी। बिहार में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रशासनिक सख्ती का असर अब जिलों में भी दिखाई देने लगा है। पूर्वी चंपारण जिले के चकिया अनुमंडल में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया और लगभग तीन एकड़ 11 डिसमिल सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है। इस कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।
लंबे समय से हो रखा था कब्जा
जानकारी के अनुसार, चकिया थाना क्षेत्र के उत्तरी गवंद्रा पंचायत स्थित वार्ड संख्या 11 में सरकारी जमीन पर लंबे समय से अवैध कब्जा किया गया था। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर खाता संख्या 635, खेसरा संख्या 4042 तथा खाता संख्या 636 के खेसरा संख्या 3829, 3830 और 3909 में दर्ज सरकारी भूमि को खाली कराया। बुलडोजर की सहायता से अवैध निर्माणों को हटाया गया तथा भूमि को पूरी तरह कब्जामुक्त कराया गया।
कई थानों की पुलिस बल रही मौजूद
अभियान का नेतृत्व कल्याणपुर अंचलाधिकारी रणधीर कुमार ने किया। मौके पर इंस्पेक्टर सह चकिया थानाध्यक्ष धर्मप्रकाश कुमार, राजस्व पदाधिकारी अलका अनू, एसआई गौरव कुमार तथा जिला क्यूआरटी टीम के जवान मौजूद रहे। इसके अलावा चकिया, मेहसी, पिपरा और कल्याणपुर थाना की पुलिस सहित अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थानों से अतिरिक्त पुलिस बल को भी तैनात किया गया था। प्रशासन ने पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती।
न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई
बताया जाता है कि इस मामले को लेकर जिला न्यायालय में अतिक्रमण वाद संख्या 89/23-24 दर्ज है। वादी विपिन महतो, पिता लाखा महतो, द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई गई थी। न्यायालय और जिला प्रशासन के निर्देश के बाद यह कार्रवाई अमल में लाई गई।
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी प्रकार लगातार अभियान चलाया गया तो सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने में प्रशासन को बड़ी सफलता मिल सकती है।
ये भी पढ़ें- पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने संभाला पदभार, विभाग को लेकर जल्द उठाएंगे ये बड़ा कदम
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

