दिनेश कुमार द्विवेदी, एमसीबी। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खोंगापानी नगर पंचायत में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां बड़ा तालाब में नहाने गए तीन बच्चे गहरे पानी में डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख तालाब के पास मौजूद एक स्थानीय युवक ने अपनी जान की परवाह किए बिना पानी में छलांग लगा दी। युवक ने अपनी सूझबूझ और हिम्मत से दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन तीसरे बच्चे को बचाया नहीं जा सका।


डूबते बच्चों को बचाने युवक तालाब में कूदा
जानकारी के अनुसार, रविवार को तीनों बच्चे खोंगापानी के बड़ा तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देखकर उनकी चीख-पुकार सुनाई दी। तालाब से कुछ दूरी पर मौजूद एक स्थानीय युवक ने आवाज सुनी और तुरंत मौके पर पहुंच गया। युवक शाकिर अली ने बिना देर किए तालाब में छलांग लगाई और डूब रहे बच्चों को बाहर निकालने की कोशिश की। काफी प्रयास के बाद उसने दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और उसका पता नहीं चल सका।

गोताखोरों की मदद से शव को किया गया बरामद
इधर हादसे की सूचना मिलते ही तालाब के पास स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस बल और रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से गहरे पानी में बच्चे की तलाश शुरू की गई। रेस्क्यू टीम और गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद बच्चे के शव को पानी से बाहर निकाल लिया। शव बरामद होने के बाद मौके पर मौजूद लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक बच्चे की पहचान 12 वर्षीय मोहम्मद जिकरान पिता मोहम्मद एजाज के रूप में हुई है। वह खोंगापानी के वार्ड क्रमांक-03 का निवासी था। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद मृतक बच्चे के परिवार में मातम पसर गया है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

