Patna News: राजधानी पटना में आज रविवार (21 जून) को एक बड़ा हादसा हो गया, जहां दानापुर इलाके में गंगा नदी में नहाते समय तीन बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, दो बच्चे समय रहते हुए पानी से सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई । घटना के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वहीं, पूरे इलाके में मातम का माहौल कायम हो गया।
पीयूष को बचाने के चक्कर में दो और डूबे
घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के हेतनपुर घाट की है, जहां पांच बच्चे जो आपस में दोस्त थे बिना अपने परिजनों के बताए गंगा नदी में नहाने के लिए घाट पहुंचे थे। नहाते समय सभी गहरे पानी में चले गए। इस दौरान पीयूष कुमार (10) डूबने लगा, जिसे डूबता देख उसके दो दोस्त तेज कुमार और प्रिंस कुमार उसे बचाने के लिए आगे बढ़े। हालांकि नियती को कुछ और ही मंजूर था। एक को बचाने के चक्कर में तीनों दोस्त गहरे पानी में समा गए।
डॉक्टर ने तीनों को घोषित किया मृत
तीनों दोस्तों को नदी में डूबते देख दो अन्य बच्चे किसी तरह नदी से बाहर निकले और घर जाकर शोर मचाते हुए परिजनों को इसकी जानकारी दी। बच्चों के डूबने के खबर सुनते ही परिजन और स्थानीय लोग काफी संख्या में भागते हुए घाट पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोर और लोगों ने तीनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला। लोग आनन-फानन में नदी में डूबे तीनों बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
4-4 लाख मुआवजे का आश्वासन
मृतक बच्चों की पहचान पीयूष कुमार (पिता धर्मवीर राय), तेज कुमार (पिता सत्येंद्र राय) और प्रिंस कुमार (पिता अमिताभ बच्चन राय) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। मौक पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेते हुए उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मौके पर पहुंचे अंचलाधिकारी चंदन कुमार ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए उन्हें तत्काल 20-20 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की। इसके अवाला उन्होंने आश्वासन दिया कि आपदा राहत कोष के तहत मिलने वाली मुख्य मुआवजा राशि (4-4 लाख रुपये) की प्रक्रिया को भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- राजगीर कांड के पीड़ित परिजनों से मिले पप्पू यादव, आर्थिक मदद कर बेटी की पढ़ाई-शादी का उठाया जिम्मा

