पश्चिम बंगाल की राजनीति में इधर हलचल फिर से तेज हो गयी है. TMC से बगावत करने वाले सांसद-विधायकों में फिर से ममता प्रेम जाग रहा है. ऋतब्रत बनर्जी गुट के तीन विधायकों ने TMC प्रमुख पूर्व सीएम ममता बनर्जी पर हुए हमले के खिलाफ प्रदर्शन किया है. उधर, केंद्र में बागी हुए 20 सांसदों में यूसुफ पठान, अबू ताहिर खान और खलीलुर रहमान ने नरेंद्र मोदी सरकार को सपोर्ट करने से मना कर दिया है.
ऋतब्रत गुट के 3 बागी विधायक तौसीफ-उर-रहमान,अब्दुल खालिक मोल्लाह और बिभास सरदार ने ममता बनर्जी पर हमले की कड़ी निंदा की.
TMC पार्टी से अलग होकर ऋतब्रत बनर्जी के गुट के साथ गए तीन विधायकों ने पूर्व सीएम ममता बनर्जी के समर्थन में खुलकर आवाज उठाई है. तीनों विधायकों की इन गतिविधियों के बाद ‘कालीघाट गुट’ में लौटने की अटकलें तेज हो गई हैं. TMC के भीतर की अंदरूनी जंग अब एक नए मोड़ पर आकर खड़ी हो गई है.
कहा जाता है कि राजनीति में कब क्या हो जाए, ये कोई भी नहीं बताया सकता है. ऐसा ही कुछ अब बंगाल की राजनीति में देखने को मिल रहा है. पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस से बगावत करने वाले विधायकों की ममता बनर्जी के प्रति वफादारी फिर जाग उठी है. ये विधायक पहले ममता से राजनीतिक संबंध खत्म करते हुए ऋतब्रत बनर्जी के गुट में शामिल हो गए थे.
तीनों विधायक कालीघाट कैंप के दिग्गज नेताओं सोवनदेब चट्टोपाध्याय और कुणाल घोष के साथ एक साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी बैठे. तौसीफ-उर-रहमान ने कहा कि उनकी राजनीतिक पहचान और वफादारी आज भी ममता बनर्जी और TMC के साथ मजबूती से जुड़ी हुई है. उन्होंने आगे कहा कि सच्चाई तो यह है कि मैं दीदी की तस्वीर और उनके चेहरे के बिना बशीरहाट से दस वोट भी नहीं ला सकता.
बिभास सरदार ने कहा कि पार्टी के सभी 80 विधायकों को मतभेद भूलकर ममता बनर्जी पर हुए हमले का विरोध करना चाहिए. उनका कहना था कि अंदरूनी गुटबाजी अपनी जगह हो सकती है. वहीं, MLA अब्दुल खालिक मोल्लाह ने कहा कि ममता बनर्जी पर हमला किया गया. मैंने इसके विरोध में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया.
इस घटनाक्रम पर ऋतब्रत ने बयान जारी करते हुए कहा कि बिभास सरदार या तौसीफ रहमान के व्यक्तिगत फैसलों या बयानों के लिए मैं जवाबदेह नहीं हूं. अभी बस इतना ही कह सकता हूं कि MLA अब्दुल खालिक मोल्लाह हमारे साथ ही हैं.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


