Samastipur Accident: बिहार के समस्तीपुर जिले में आज गुरुवार को एक दुखद और बड़ा हादसा हो गया, जहां एक स्कूल में बरगद का विशाल पेड़ गिरने से उसके नीचे दबकर तीन छात्राओं की मौत हो गई। घटना खास टभका दक्षिण पंचायत के वार्ड 9 स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय चकविदौलिया की है।
मिली जानकारी के अनुसार मध्याह्नन भोजन करने के बाद तीन छात्राएं स्कूल में मौजूद चापाकल के पास पानी पीने के लिए गई थीं। इस दौरान नल के पास मौजूद बरगद का विशाल पेड़ उन छात्राओं पर गिर गया। 3 छात्राओं की मौत से स्कूल परिसर में जहां अफरा-तफरी मच गई। वहीं, परिजनों में कोहराम मच गया।
दो छात्राओं की मौके पर मौत
मृतक छात्राओं की पहचान पायल कुमारी, गुलनाज खातून और सपना कुमारी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार बरगद की पेड़ की चपेट में आने से पायल कुमारी और सपना कुमारी की जहां, मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल गुलनाज खातून को इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। पायल कक्षा 5 और सपना कक्षा 4 की छात्रा थी। वहीं, गुलनाज खातून कक्षा 2 में पढ़ती थी।
4-5 सालों से सूखा पड़ा था बरगद का पेड़
विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि बरगद का पेड़ काफी पुराना था और करीब 4-5 सालों से सूखा पड़ा था। उन्होंने बताया कि इसे कटवाने के लिए कई बार पेड़ के मालिक से कहा गया था, लेकिन आपसी विवाद के कारण पेड़ नहीं कट सका। इस बीच गुरुवार को अचानक यह विशाल बरगद का पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में तीनों छात्राएं आ गईं और इस हादसे में उनकी दुखद मौत हो गई। तीन छात्राओं की मौत से एक तरफ जहां, उनके परिवारों में कोहराम मच गया। सभी घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, विद्यालय समेत आसपास के इलाकों में भी मातम पसरा हुआ है।
अधिकारियों ने परिजनों को दी सहायता
उधर घटना की सूचना मिलते ही रोसड़ा एसडीओ पूजा कुमारी समेत कई अन्य बड़े पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और मृतकों के परिजनों का सांत्वना दी। पुलिस ने छात्राओं के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान बीडीओ सुनील कुमार ने बताया कि दोनों मृत छात्राओं के परिजनों को तत्काल 20-20 हजार रुपए की सहायता राशि दे दी गई है। तीसरी मृतक छात्रा के परिजनों को भी सहायता राशि दी जाएगी।
ये भी पढ़ें- ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में युवाओं ने चिराग से किया सीधा संवाद, पेपर लीक से रोजगार तक हुई चर्चा


