Odisha Desk, भुवनेश्वर: ओडिशा में गांव की सरकार चुनने के लिए होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव इस बार तय समय से थोड़ा आगे खिसक सकते हैं। राज्य निर्वाचन आयोग (SEC) से मिले संकेतों के मुताबिक, साल 2027 में होने वाली राष्ट्रीय जनगणना (Census) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इन चुनावों की तारीखों का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा।

आयोग के अधिकारियों की मानें तो फिलहाल जून 2027 तक चुनाव संपन्न कराने का टारगेट रखा गया है, जिसके लिए अप्रैल 2027 के आसपास नोटिफिकेशन जारी हो सकता है।

इस बड़े चुनावी टास्क को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। राजस्व मंडल आयुक्तों (RDCs) और जिला कलेक्टरों के साथ बैठकें हो चुकी हैं, और इसी सिलसिले में आगामी 21 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिला अधिकारियों के साथ एक और अहम रिव्यू मीटिंग होने जा रही है।

पहली बार आपके घर आएगी पोलिंग टीम: बूथ लेवल पर होगा खास सर्वे

इस बार चुनाव प्रक्रिया को आम लोगों के लिए आसान और पारदर्शी बनाने के लिए आयोग एक नई और अनूठी पहल करने जा रहा है। ओडिशा के चुनावी इतिहास में ऐसा पहली बार होगा जब पंचायत चुनाव से पहले चुनाव आयोग की टीम घर-घर जाकर सर्वे करेगी। इसके साथ ही वोटर लिस्ट की गड़बड़ियों को ठीक करने के लिए हर बूथ पर एक स्पेशल सर्वे भी चलाया जाएगा।

अक्सर देखा जाता है कि एक ही गांव या अलग-अलग मोहल्लों के लोगों का नाम किसी दूर के पोलिंग बूथ से जोड़ दिया जाता है। इस मिसमैनेजमेंट के कारण वोटिंग के दिन लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है और भारी परेशानी होती है, जिससे कई लोग वोट डालने ही नहीं जाते। इस नए सर्वे का मकसद इसी उलझन को खत्म करना और एक बिल्कुल साफ-सुथरी, अपडेटेड वोटर लिस्ट तैयार करना है।

इस पूरे सर्वे और वोटर लिस्ट के शुद्धिकरण के बाद नए सिरे से ‘बूथ-वाइज’ वोटर लिस्ट जारी की जाएगी। इससे यह पक्का हो जाएगा कि हर वोटर को अपने सबसे नजदीकी और तय बूथ पर ही वोट डालने की सुविधा मिले।

राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव संतोष कुमार दाश ने बताया कि इस कदम से न सिर्फ वोटर लिस्ट एकदम सटीक हो जाएगी, बल्कि लोगों के लिए मतदान का अनुभव भी बहुत आसान हो जाएगा। आयोग को उम्मीद है कि इस नई व्यवस्था के बाद ग्रामीण इलाकों के लोग बढ़-चढ़कर लोकतंत्र के इस उत्सव में हिस्सा लेंगे और वोटिंग प्रतिशत में भी भारी उछाल आएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m