नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस विभाग के एक जवान की मौत हो गई, जबकि एक एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मोहम्मदपुर अहिर थाना क्षेत्र के गांव गोयला के पास उस समय हुआ, जब पुलिस टीम गोवंश से भरे एक वाहन को कब्जे में लेकर कार्रवाई कर रही थी।

गोवंश से भरे वाहन में आई थी तकनीकी खराबी

जानकारी के अनुसार, पुनहाना सीआईए को गोवंश से भरे एक वाहन की सूचना मिली थी। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की, लेकिन रास्ते में वाहन में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद उसे KMP एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ा कर दिया गया। पुलिसकर्मी वाहन के पास मौजूद थे और आवश्यक कार्रवाई कर रहे थे।

तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर

इसी दौरान मानेसर की ओर से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़े खराब वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के पास खड़े पुलिस जवान गिरीश ट्रक की चपेट में आ गए और टायर के नीचे दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

एएसआई मुकेश गंभीर, एक पुलिसकर्मी बाल-बाल बचा

हादसे में एएसआई मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी साहिल बाल-बाल बच गए। घायल एएसआई को तुरंत गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मोहम्मदपुर अहिर थाना पुलिस, धुलावट ट्रैफिक थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गोवंश से भरे वाहन और हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

नूंह पुलिस के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।