पानीपत। हरियाणा के पानीपत में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। संजय चौक पर बस का इंतजार कर रही मां-बेटी को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो वर्षीय मासूम परी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां अंजली गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल महिला को तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

दिल्ली से लौट रही थीं मां-बेटी

जानकारी के अनुसार, बरसत गांव निवासी अंजली अपनी दो वर्षीय बेटी परी के साथ दिल्ली स्थित मायके से वापस घर लौट रही थीं। सोमवार रात करीब 11 बजे दोनों पानीपत के संजय चौक पर बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

मासूम की मौके पर ही मौत

टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम परी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके।