सोनीपत।सोनीपत में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से जा टकराई, जिसमें एक पॉलिटेक्निक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी जोरदार कि कार के उड़े परखच्चे
यह दर्दनाक हादसा गीतांजलि गार्डन के सामने बजाज फोर व्हीलर शोरूम के पास हुआ। हादसे में सुधांशु नामक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह पॉलिटेक्निक में केमिकल इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष का छात्र था।
कार में उसके चाचा प्रदीप और दो दोस्त भी मौजूद थे, जो हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों का इलाज Post Graduate Institute of Medical Sciences (PGI रोहतक) में चल रहा है।
मुरथल से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सभी लोग मुरथल घूमने और खाना खाने गए थे। वापस लौटते समय उनकी तेज रफ्तार कार सड़क किनारे कई दिनों से खड़े खराब ट्रक से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी भयावह थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे का दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों की रूह कांप उठी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

