अशोक कुमार जायसवाल, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर मुगलसराय। दुल्हीपुर क्षेत्र में बुधवार देव रात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसे में 37 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।

शादी समारोह से लौट रही थी महिला

प्राप्त जानकारी के अनुसार रुबीना बानो (37 वर्ष) पत्नी शाहिद (40 वर्ष) निवासी कोयला बाजार, वाराणसी, अपने पति के साथ बाइक से एक शादी समारोह से लौट रही थीं। बताया जाता है कि जैसे ही दोनों दुल्हीपुर स्थित चांदनी बाजार मोड़ के पास पहुंचे, बाइक अचानक असंतुलित हो गई। इसी दौरान बगल से गुजर रहे तेज रफ्तार ट्रक संख्या HR-58D-8958 की चपेट में रुबीना बानो आ गईं।

READ MORE: इतनी सी बात और… दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या, परिनजों का रो-रोकर बुरा हाल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि महिला सड़क पर गिर गई और ट्रक का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे पति शाहिद इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक को रोक लिया और उसका शीशा तोड़ दिया। इस दौरान ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बताया जाता है कि मृतका का मायका मुगलसराय क्षेत्र में स्थित है, जबकि ससुराल वाराणसी के कोयला बाजार में है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

READ MORE: बहराइच में भीषण सड़क हादसा: दो कारों की आमने-सामने टक्कर,दो लोगों की थम गई सांसें

सड़क चौड़ीकरण कार्य पर उठे सवाल

हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क चौड़ीकरण का कार्य कर रही कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान कई स्थानों पर गड्ढे और अव्यवस्थित रास्ते बने हुए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

READ MORE: UP Weather Today: यूपी के लोगों को गर्मी से मिलेगी राहत, इस दिन होगी मानसून की एंट्री, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

हादसे की सूचना पर कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजन और ग्रामीण शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का विरोध कर रहे थे, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मौके पर दुल्हीपुर, चंदासी और जलीलपुर चौकी की पुलिस भी पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।