मिथलेश गुप्ता, जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर में भीषण सड़क हादसा हुआ है। तपकरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत उड़ीसा-कुनकुरी मार्ग पर लवाकेरा के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार हाईवा ट्रक और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक कुनकुरी के जूता-चप्पल व्यवसायी बताए जा रहे हैं। दोनों कार सवार उड़ीसा से कुनकुरी की ओर आ रहे थे, तभी लवाकेरा के पास सामने से आ रहे हाईवा ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही तपकरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। टक्कर के कारण शव कार के अंदर बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें निकालने के लिए पुलिस की टीम ने कड़ी मशक्कत की। साथ ही मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m